इंग्लैंड ने दूसरे टी20 मैच में भारत को 26 रनों से हरा दिया है. इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 168 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में भारतीय टीम का मिडिल ऑर्डर बुरी तरह ध्वस्त हो गया और पूरी टीम 142 रन ही बना पाई. इस बड़ी जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में एक-एक की बराबरी कर ली है.
सीरीज के इस दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड की टीम भी संघर्ष कर रही थी. उसके लिए 150 का स्कोर बनाना भी मुश्किल लग रहा था, लेकिन आखिरी ढाई ओवरों में फ्रेया कैम्प ने ऐसा कहर बरपाया कि 13 गेंद में 39 रन ठोक दिए. आखिरी 15 गेंदों में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 42 रन बनाए. डेथ ओवरों में हुई यही पिटाई चेज के समय टीम इंडिया पर भारी पड़ी. भारत के लिए श्री चरनी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए.
बुरी तरह हारी टीम इंडिया
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई टीम इंडिया के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने छोटी-छोटी पारी खेली. शेफाली ने 22 रन और स्मृति ने 32 रन बनाए. यास्तिका भाटिया क्रीज पर सेट हो चुकी थीं, लेकिन 33 के स्कोर पर उन्हें चोट के कारण रिटायर्ड आउट होना पड़ा.
एक समय भारतीय टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 115 रन बना लिए थे. यहीं से विकेटों का पतझड़ शुरू हुआ और अगले 30 रनों के भीतर टीम इंडिया ने 6 विकेट खो दिए. जेमिमा रोड्रीग्स केवल एक रन बना पाई और ऋचा घोष भी 8 रन बनयकर आउट हो गईं. भारतीय टीम का मिडिल ऑर्डर बुरी तरह फ्लॉप हुआ.
सीरीज एक-एक से बराबर
पहले टी20 मैच में भारतीय टीम ने 38 रनों की आसान जीत दर्ज की थी. उस मैच में यास्तिका भाटिया और जेमिमा रोड्रीग्स ने अर्धशतक लगाए थे. मगर दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड ने वापसी करते हुए टीम इंडिया को 26 रनों से हराकर सीरीज में एक-एक से बराबरी कर ली है. सीरीज का तीसरा और निर्णायक टी20 मुकाबला 2 जून को खेला जाएगा.
यह भी पढ़ें:
IPL 2026 फाइनल से पहले RCB कप्तान रजत पाटीदार ने भरी हुंकार, बोले- एक और ट्रॉफी जीतने का...