इंग्लैंड की टीम 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गई है. सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 40 रनों से शिकस्त दी. इंग्लैंड ने पांचवीं बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश किया है. इस मैच में इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने इतिहास रच दिया. वह अब टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली स्पिनर बन गई हैं.
सोफी एक्लेस्टोन ने सेमीफाइनल मुकाबले में क्लो ट्रायोन को बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड करने के साथ ही इतिहास रचा. वह महिला टी20 विश्व कप में अब सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली स्पिनर बन गई हैं. एक्लेस्टोन टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 38 विकेट चटका चुकी हैं. उन्होंने इस मामले में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया कर को पीछे छोड़ा है. कर के नाम टी20 वर्ल्ड कप में कुल 37 विकेट हैं.
इस रिकॉर्ड लिस्ट में वेस्टइंडीज की गेंदबाज स्टेफनी टेलर 33 विकेट के साथ तीसरे नंबर पर हैं. एक्लेस्टोन टी20 विश्व कप 2026 में खेले अब तक 6 मुकाबलों में 9 विकेट ले चुकी हैं. इस दौरान उनका इकोनॉमी सिर्फ 5.79 का रहा है. बीच के ओवरों में उन्होंने लगभग हर मुकाबले में विपक्षी टीम के बल्लेबाजों पर अपनी किफायती गेंदबाजी से दबाव डाला है, जिसका फायदा इंग्लैंड टीम को मिला है.
सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 169 रन बनाए. इंग्लिश टीम के लिए कप्तान नेट साइवर-ब्रंट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों पर 75 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस आतिशी पारी के दौरान इंग्लिश कप्तान ने 11 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं, हीथर नाइट ने 47 गेंदों में 58 रनों का योगदान दिया.
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी. प्रोटियाज टीम के लिए ताजमिन ब्रिट्स ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए. हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से लॉरेन बेल और चार्ली डीन ने दो-दो विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें-