PRO Durg news & photo _ 09 October 2026 _ File 01

PRO Durg news & photo _ 09 October 2026 _ File 01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ. ग.)
समाचार

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रमिक हितग्राहियों को दी बड़ी सौगात, सिंगल क्लिक से 8,882 श्रमिकों के खातों में 3.64 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी से की अंतरित

-छ.ग. असंगठित कर्मकार मंडल और भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पंजीकृत श्रमिक हुए लाभान्वित

-सेवा सेतु कार्यक्रम के मंच से पात्र हितग्राहियों को ससम्मान प्रदान किए गए 5 लाख एवं 1-1 लाख रुपये के चेक

दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026/
जिले में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के श्रमिक वर्ग के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक बड़ी सौगात दी है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीकृत डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से एक सिंगल क्लिक में छ.ग. असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल एवं छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के कुल 8,882 पंजीकृत श्रमिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 3 करोड़ 64 लाख 53 हजार रुपये की राशि का सीधा हस्तांतरण किया।  
केंद्रीकृत डीबीटी के तहत छ.ग. असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के कुल 3,851 हितग्राहियों को 2 करोड़ 64 लाख 21 हजार 500 रुपये की राशि प्रदान की गई। इनमें असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के 136 हितग्राहियों को 1 करोड़ 36 लाख रुपये, महतारी जतन योजना के 497 हितग्राहियों को 99 लाख 40 हजार रुपये, छात्रवृत्ति योजना के 3,217 बच्चों को 28 लाख 31 हजार 500 रुपये तथा ई-रिक्शा सहायता योजना के 1 हितग्राही को 50 हजार रुपये की राशि शामिल है। इसी प्रकार छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के 5,031 हितग्राहियों के खातों में कुल 1 करोड़ 31 हजार 500 रुपये अंतरित किए गए। इसमें मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 4,583 छात्र-छात्राओं को 84 लाख 52 हजार रुपये, निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के तहत 426 बच्चों को 5 लाख 37 हजार रुपये, निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में 2 हितग्राहियों को 6 लाख रुपये, सियान सहायता योजना के 11 वृद्ध श्रमिकों को 2 लाख 20 हजार रुपये, दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के 2 हितग्राहियों को 2 लाख रुपये, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के 3 बच्चों को 16 हजार 500 रुपये तथा सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के 4 श्रमिकों को 6 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।  
इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा कार्यक्रम के गरिमामय मंच से मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत पात्र तीन हितग्राहियों को क्रमशः 5 लाख रुपये एवं 1-1 लाख रुपये के प्रतीकात्मक चेक ससम्मान वितरित किए गए। सहायक श्रमायुक्त दुर्ग ने जानकारी दी कि डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित होने से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और पंजीकृत श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का त्वरित व सीधा लाभ मिल रहा है।  

ःः000ःः

नमो सेवा-अनकही कहानियाँ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कीं प्रेरक जीवन-कथाएं

- सेवा, संवेदना और सामाजिक परिवर्तन की कहानियों के माध्यम से दिया राष्ट्रनिर्माण का संदेश


दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026 /  शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समाज के सामान्य नागरिकों के जीवन-संघर्ष, सेवा, समर्पण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी प्रेरक कहानियों पर आधारित केस स्टडी प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा-भावना, मानवीय संवेदना और राष्ट्रनिर्माण में नागरिकों की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले ऐसे व्यक्तियों के योगदान को सामने लाना था, जिनकी उपलब्धियां और सेवा कार्य अक्सर सार्वजनिक चर्चा में नहीं आ पाते। प्रतिभागियों ने आर्थिक कठिनाइयों के बीच सफलता हासिल करने, शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन लाने, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता तथा विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष कर उपलब्धियां प्राप्त करने जैसे विषयों पर अपनी केस स्टडी प्रस्तुत कीं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कमर तलत ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। समाज में अनेक ऐसे सामान्य नागरिक हैं, जिनका संघर्ष, समर्पण और सेवाभाव दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. डॉ. अमरनाथ शर्मा ने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियाँ’ समाज के उन व्यक्तियों के योगदान को पहचान दिलाने की पहल है, जो अपने कार्यों से सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। उन्होंने बताया कि केस स्टडी सामाजिक अनुसंधान की एक महत्वपूर्ण पद्धति है। इसके माध्यम से विद्यार्थी किसी व्यक्ति के जीवन, पारिवारिक परिस्थितियों, सामाजिक परिवेश, चुनौतियों और उपलब्धियों का व्यवस्थित अध्ययन कर सकते हैं। यह पहल  राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अनुभवात्मक एवं शोधपरक शिक्षा की भावना के अनुरूप है।
कार्यक्रम में तथ्यों के संकलन, अध्ययन, प्रस्तुतीकरण और सामाजिक विश्लेषण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक एवं विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रस्तुत जीवन-कथाओं के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए बड़े पद या विशेष संसाधनों का होना आवश्यक नहीं है। सेवा-भावना, परिश्रम, संकल्प और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से सामान्य व्यक्ति भी समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इस अवसर पर प्राचार्य, कार्यक्रम संयोजक, सहसंयोजक, विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

::000::

दुर्ग जिले में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन से स्व सहायता समूहों को मिला रोजगार, 2.20 लाख रूपए से अधिक की आय

- चार प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइयों ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 16,355 किलोग्राम प्लास्टिक किया एकत्र, 12,287 किलोग्राम का विक्रय


दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026/ जिले में स्वच्छता को बढ़ावा देने और प्लास्टिक कचरे का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ ही स्व सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में जिले में संचालित चार प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइयों के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 16,355 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। इसमें से 12,287 किलोग्राम प्लास्टिक के विक्रय से स्व सहायता समूहों को कुल 2,20,967 रुपये की आय प्राप्त हुई है। शेष 4,068 किलोग्राम प्लास्टिक विक्रय के लिए उपलब्ध है।
जिले में प्लास्टिक कचरे के व्यवस्थित संग्रहण एवं प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन द्वारा ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं। इनके माध्यम से स्वच्छाग्राही गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर प्लास्टिक कचरा एकत्र करते हैं। एकत्रित कचरे को पहले सेग्रीगेशन शेड में लाया जाता है, जहां छंटाई के बाद इसे प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाई तक पहुंचाया जाता है। सभी ई-रिक्शा में जीपीएस सुविधा उपलब्ध है, जिससे विकासखंड एवं जिला स्तर पर उनकी निरंतर निगरानी की जाती है।

कोलिहापुरी इकाई ने अर्जित की सर्वाधिक आय

जिले की चारों इकाइयों में ग्राम कोलीहापुरी, जनपद पंचायत दुर्ग की इकाई का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। यहां 11,186 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र किया गया, जिसमें से 9,207 किलोग्राम के विक्रय से 1,85,370 रुपये की आय प्राप्त हुई। वर्तमान में 1,979 किलोग्राम प्लास्टिक विक्रय के लिए उपलब्ध है। ग्राम पंचायत कोलीहापुरी में अब तक 8,500 किलोग्राम प्लास्टिक के लम्प्स तैयार किए गए हैं। इनमें से 7,000 किलोग्राम लम्प्स 25 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचे गए। इसके अतिरिक्त 610 किलोग्राम प्लास्टिक कबाड़ी को 17 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय किया गया है। ग्राम लिटिया, जनपद पंचायत धमधा में 2,393 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र किया गया। इसमें से 974 किलोग्राम प्लास्टिक के विक्रय से 13,523 रुपये की आय हुई, जबकि 1,419 किलोग्राम प्लास्टिक शेष है।
इसी प्रकार ग्राम पतोरा, जनपद पंचायत पाटन में 826 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र किया गया। इसमें से 606 किलोग्राम के विक्रय से 7,074 रुपये प्राप्त हुए और 220 किलोग्राम प्लास्टिक विक्रय के लिए उपलब्ध है। ग्राम गाउडीह, जनपद पंचायत पाटन में 1,950 किलोग्राम प्लास्टिक एकत्र किया गया। इसमें से 1,500 किलोग्राम के विक्रय से 15,000 रुपये की आय अर्जित हुई है। यहां 450 किलोग्राम प्लास्टिक शेष है।

स्वच्छता के साथ आजीविका को भी मिल रहा बढ़ावा

प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइयों के माध्यम से गांवों में प्लास्टिक कचरे का व्यवस्थित संग्रहण एवं प्रबंधन सुनिश्चित हो रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिल रही है। वहीं, प्लास्टिक कचरे के संग्रहण, छंटाई और विक्रय की प्रक्रिया से स्व सहायता समूहों को आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। यह पहल स्वच्छ गांवों के निर्माण के साथ ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
 
::000::


विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित, विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन और साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी

- वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सकारात्मक सोच और डिजिटल सतर्कता अपनाने का किया आह्वान


दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026 / शासकीय नवीन महाविद्यालय, बोरी में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विगत दिवस को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ”Together for Health, Stand with Science” अर्थात “स्वास्थ्य के लिए एक साथ आएं, विज्ञान के साथ खड़े रहें” पर आधारित कार्यशाला में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. (श्रीमती) कमर तलत के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में किया गया। कार्यशाला के प्रभारी समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अमरनाथ शर्मा रहे। मुख्य व्याख्यान के लिए करियर एवं पेरेंटिंग कोच तथा पुलिस काउंसलर डॉ. आभा शशि कुमार, मनोवैज्ञानिक श्रीमती साधना मौर्य एवं मेजर पूनम चांदनी उपस्थित रहीं। विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए तनाव से निपटने, भावनाओं को संतुलित रखने और सकारात्मक सोच विकसित करने के उपाय बताए। उन्होंने मानसिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से समय पर परामर्श लेने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर व्यक्ति चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है।
कार्यशाला के दौरान बोरी थाना के प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल और संदेश, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी देने तथा सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले संभावित खतरों के बारे में बताया। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन अतिथि सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र डॉ. भारती साहू ने किया। अंत में अतिथि सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र श्री ओम प्रकाश कौशिक ने उपस्थित अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें मानसिक एवं डिजिटल चुनौतियों का सामना वैज्ञानिक, सकारात्मक और सुरक्षित तरीके से करने के लिए प्रेरित करना रहा।

::000::

5 से 17 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2027 तक निःशुल्क, जिला प्रशासन ने अभिभावकों से की अनिवार्यता अपडेट कराने की अपील

-5 और 15 वर्ष की आयु में आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराना है अनिवार्य, निष्क्रय होने से बचाने हेतु समय पर पूरा कराएं प्रक्रिया

-जिले के पाटन, धमधा एवं दुर्ग ब्लॉक अंतर्गत संचालित शासकीय कार्यालयों, बैंकों व डाकघरों में स्थित आधार सेवा केंद्रों से ले सकते हैं सुविधा


दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026/ बच्चों के आधार कार्ड को सक्रिय रखने और शासकीय योजनाओं का निर्बाध लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (मेनडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट-एमबीयू) की प्रक्रिया का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 5 से 17 वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए यह अपडेट प्रक्रिया पूरी तरह से निःशुल्क रखी गयी है, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर 2027 निर्धारित की गई है।  
आधार नियमों के अनुसार, जिन बच्चों का 5 वर्ष से कम आयु में नीला ’बाल आधार’ बना है, उन्हें 5 वर्ष की आयु पूरी होने पर और इसके पश्चात् 15 वर्ष की आयु में अपने फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो को अपडेट कराना अनिवार्य है। बायोमेट्रिक अपडेट न कराने की स्थिति में बच्चों का आधार कार्ड निष्क्रिय हो सकता है, जिससे स्कूलों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन तथा नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन के समय समस्याएं आ सकती हैं। इस प्रक्रिया के लिए किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है, केवल बच्चे की भौतिक उपस्थिति एवं उसका मूल आधार कार्ड ही पर्याप्त है। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों एवं अभिभावकों की सुविधा हेतु जिले के तीनों प्रमुख ब्लॉकों- दुर्ग, पाटन और धमधा में विभिन्न शासकीय कार्यालयों, कलेक्ट्रेट परिसर, तहसील कार्यालयों, जनपद एवं नगर पंचायतों, नगर निगमों के ज़ोन कार्यालयों तथा ग्राम पंचायतों में आधार सेवा केंद्र (एएसके) संचालित किए जा रहे हैं।  
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग ब्लॉक के अंतर्गत सी.एस.पी.डी.सी.एल. दुर्ग टाउन ज़ोन, ज़ोन 2 नगर पालिक निगम भिलाई वैशाली नगर पानी टंकी के पास, नगर निगम दुर्ग आदित्य नगर ज़ोन, नगर निगम भिलाई ज़ोन 1 कार्यालय नेहरू नगर भिलाई, तहसील कार्यालय पटेल चौक के पास दुर्ग, नगर निगम रिसाली पानी टंकी के सामने, नगर पालिका निगम रिसाली भिलाई, मदर टेरेसा नगर ज़ोन 3 पानी टंकी जी.ई. रोड सुपेला भिलाई, कलेक्ट्रेट परिसर दुर्ग (पेंशन कार्यालय के बाजू में), आधार सेवा केंद्र ज़ोन 5 नगर पालिक निगम सेक्टर 6, नगर पालिका परिषद जामुल, कचहरी रोड प्रथम तल कमरा नंबर 1 डेटा सेंटर दुर्ग, नगर निगम कार्यालय सुपेला भिलाई, कमरा नंबर 52 नगर निगम भिलाई दुर्ग, कलेक्ट्रेट परिसर दुर्ग (पेंशन कार्यालय के बाजू में), नगर निगम भिलाई, नगर पालिक निगम दुर्ग, नगर निगम भिलाई चरोदा शांति नगर, नगर पालिक निगम ज़ोन 4 शिवाजी नगर खुर्सीपार भिलाई, एल.एस.के. नगर निगम चरोदा, नगर पंचायत उतई, डाइट कार्यालय (शिक्षा विभाग) दुर्ग, ग्राम पंचायत जेवरा दुर्ग, ग्राम पंचायत अंजोरा ’ख’ ब्लॉक दुर्ग, ग्राम पंचायत अंडा ब्लॉक दुर्ग, ज़ोन 3 सामुदायिक भवन मदर टेरेसा नगर निगम भिलाई, ज़ोन 5 सियान सदन मिलन चौक आदमी नगर हुडको भिलाई नगर निगम, ज़ोन 2 सामुदायिक भवन राम नगर नगर निगम भिलाई, ज़ोन 1 पुराना व्यायाम शाला शासकीय अस्पताल के पास चांदनी चौक कोहका तथा ग्राम पंचायत नगपुरा में आधार सेवा केंद्र उपलब्ध हैं।  
इसी प्रकार पाटन ब्लॉक के अंतर्गत आत्मानंद चौक जनपद पंचायत पाटन, नगर पंचायत पाटन ब्लॉक पाटन, उप तहसील कार्यालय जामगांव (आर), तहसील कार्यालय भिलाई-3, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर (पुराना ग्राम पंचायत भवन), ग्राम पंचायत कुरमुडी पाटन ब्लॉक, ग्राम पंचायत महुदा ब्लॉक पाटन, ग्राम पंचायत बटरेल ब्लॉक पाटन, ग्राम पंचायत गाड़ाडीह ब्लॉक पाटन, ग्राम पंचायत सेलुद ब्लॉक पाटन तथा ग्राम पंचायत बटंग ब्लॉक पाटन में सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं धमधा ब्लॉक के अंतर्गत नगर पालिका परिषद अहिवारा, आधार केंद्र तहसील बोरी, एल.एस.के. नगर पंचायत धमधा, भिलाई रोड नंदिनी पुलिस स्टेशन के पास तहसील कार्यालय अहिवारा, तहसील कार्यालय धमधा, नगर पालिका कुम्हारी, जनपद पंचायत धमधा, एस.डी.एम. कार्यालय धमधा, ग्राम पंचायत तुमकला ब्लॉक धमधा, ग्राम पंचायत कोड़िया ब्लॉक धमधा, ग्राम पंचायत घोटवानी ब्लॉक धमधा, ग्राम पंचायत मालपुरी कला ब्लॉक धमधा तथा ग्राम पंचायत मुरमुंदा ब्लॉक धमधा के केंद्रों पर जाकर बायोमेट्रिक अपडेट कराया जा सकता है। शासकीय कार्यालयों के अतिरिक्त नागरिक निकटतम पोस्ट ऑफिस एवं विभिन्न राष्ट्रीयकृत व निजी बैंकों में संचालित आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से भी अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट करा सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी अभिभावकों से अपील की गयी है कि वे समय रहते अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पूर्ण कराएं।

ःः000ःः
Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने