PRORJN_20_NOVERMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

PRORJN_20_NOVERMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
जिले में सुचारू रूप से जारी धान खरीदी, किसानों में उत्साह
- छठवें दिन 868 किसानों से 3356.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी
- अब तक 6406 किसानों से 24038.12 मीट्रिक टन धान का उपार्जन
- अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
- अब तक 2265.50 क्विंटल धान जप्त
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में किसान उत्साहपूर्वक अपना धान विक्रय करने पहुंच रहे हैं। शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। ऑनलाइन टोकन की सुविधा से किसानों को धान विक्रय करने में सहूलियत हो रही है। धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक जिले में कुल 6 हजार 406 किसानों से 24038.12 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
खाद्य शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 20 नवम्बर 2026 को जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों के लिए कुल 1 हजार 630 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकनों के माध्यम से 6733.22 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीयन किया गया था। धान खरीदी के छठवें दिन जिले के 868 किसानों से कुल 3356.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। आगामी खरीदी दिवस 23 नवम्बर 2026 के लिए जिले के 122 उपार्जन केन्द्रों में कुल 1 हजार 460 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से 6441.13 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत है।
अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज 20 नवम्बर 2026 को जिले में अवैध धान के 4 प्रकरण दर्ज कर कुल 301 कट्टा अर्थात 120 क्विंटल धान जप्त किया गया। मंडी डोंगरगढ़ द्वारा ग्राम मुड़पार एवं मुरमुंदा में दो प्रकरणों में 100 कट्टा अर्थात 40 क्विंटल धान जप्त किया गया। इसी प्रकार मंडी राजनांदगांव द्वारा ग्राम लखोली में एक पोहा उद्योग से 86 कट्टा अर्थात 34 क्विंटल धान जप्त किया गया। लाइसेंस की तय सीमा से अधिक धान का संग्रहण किए जाने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण जप्ती की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त धान उपार्जन केन्द्र केसाल में एक व्यक्ति द्वारा रबी फसल का धान खपाने का प्रयास किए जाने पर नायब तहसीलदार द्वारा कार्रवाई करते हुए 115 कट्टा अर्थात 46 क्विंटल धान जप्त किया गया।
जिले में 19 नवम्बर 2026 तक अवैध धान के 23 प्रकरणों में 2145.50 क्विंटल धान जप्त किया गया था। वहीं आज 4 नए प्रकरणों में 120 क्विंटल धान की जप्ती के बाद अब तक कुल 27 प्रकरणों में 5 हजार 260 कट्टा अर्थात 2265.50 क्विंटल धान जप्त किया जा चुका है। इसके साथ ही अब तक 3 वाहनों की भी जप्ती की गई है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा वास्तविक किसानों को शासन की समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी की जा रही है। अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
क्रमांक 75 -----------------
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन की उपस्थिति में महिला बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केन्द्र राजनांदगांव में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मातृत्व स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं फॉलोअप, होम डिलीवरी में कमी लाने, उप स्वास्थ्य केन्द्रों में सामान्य प्रसव को बढ़ावा देने तथा बीसीजी टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनीमिया एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, एलसीडीसी (लिम्फेटिक फाइलेरियासिस) सर्वे तथा एनसीडी पोर्टल पर की जा रही प्रविष्टियों एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग, करने, समयबद्ध रिपोर्टिंग तथा मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने एवं निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नोडल अधिकारी डॉ. अल्पना लूनिया, नोडल अधिकारी डॉ. अशोक बसोड़, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक-डीपीएम श्री संदीप ताम्रकार, सलाहकार, डॉ. विकास, सीपीएम सुश्री पूजा, एमआईईओ रहिशा बेगम सहित सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीईटीओ, बीडीएम एवं सेक्टर सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
क्रमांक 76 -----------------
परियोजना स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा योग भवन पुष्प वाटिका  राजनांदगांव में परियोजना स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर श्री मधुसूदन यादव एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव उपस्थित थे। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के सेवा भाव एवं योजनाओं के संचालन में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं 15 सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा नृत्य गान की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री राजकुमार जांबुलकर, जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्रीमती दीपा शाह, जिला समन्वयक श्री किशोर माहेश्वरी सहित परियोजन अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित थे।
क्रमांक 77 -----------------
जिला मुख्यालय में सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को मिल रही सुविधा
- ऑनलाइन आवेदन एवं व्हाट्सएप पर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की सुविधा
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी सेवा सेतु एवं डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक तिवारी द्वारा जिला कार्यालय स्थित सेवा सेतु केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सेवा सेतु केन्द्र में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केन्द्र में प्राप्त आवेदनों, उनके निराकरण की स्थिति तथा नागरिकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। सेवा सेतु केन्द्र में आने वाले नागरिकों को शासन की विभिन्न सेवाओं का लाभ सरल, सुगम एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट सहायक प्रबंधक श्री आशीष स्वर्णकार एवं सेवा सेतु प्रबंधक उपस्थित थे।
जिला मुख्यालय राजनांदगांव में सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला मुख्यालय आने वाले नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं लाइसेंस संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त होने से सुविधा मिल रही है। शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को पारदर्शी, सरल एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराया जा रहा है। सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से नागरिकों को आय, जाति, निवास, विवाह पंजीयन एवं प्रमाण-पत्र तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही राजस्व एवं भूमि संबंधी सेवाओं अंतर्गत भू-अभिलेखों की प्रतिलिपि, भूमि उपयोग संबंधी जानकारी एवं नाम परिवर्तन से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। नगरीय प्रशासन से जुड़ी सेवाओं में गुमास्ता (ट्रेड लाइसेंस), नल कनेक्शन हेतु आवेदन तथा ठेकेदारों के ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध है।
शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुलभ बनाने के लिए सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से ऑनलाइन सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। नागरिक सेवा सेतु ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं पंजीयन कर विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रमाण-पत्रों में क्यूआर कोड की सुविधा होने से दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन आसान हुआ है तथा उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है। एसएमएस के माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से भी प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते है।
क्रमांक 78 -----------------
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल की समस्या का हुआ समाधान
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनसेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के साथ निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भैंसातरा के आश्रित ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल के संबंध में प्राप्त शिकायत पर क्रेडा विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया गया है।
क्रेडा विभाग की जिला अधिकारी श्रीमती पूर्णिमा गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत भैंसातरा की सरपंच श्रीमती अंजली वर्मा द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आश्रित ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल व्यवस्था के लिए स्थापित सोलर ड्यूल पंप पिछले कुछ दिनों से बंद के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पंप बंद होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सरपंच द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर सोलर ड्यूल पंप की मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत प्राप्त होने के बाद क्रेडा विभाग द्वारा समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा सोलर ड्यूल पंप की तकनीकी खराबी को दूर कर उसकी मरम्मत कराई गई तथा पंप को पुन: चालू किया गया। सोलर ड्यूल पंप के सुचारू रूप से संचालित होने से ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल आपूर्ति पुन: बहाल हो गई है। इससे ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकता के लिए पानी प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।
क्रमांक 79 -----------------
अन्य राज्यों से धान आयात पर निगरानी हेतु जिले में विशेष जांच दल गठित
- 30 अप्रैल 2027 तक अन्य राज्यों से धान आयात के लिए अनुमति एवं सूचना आवश्यक
राजनांदगांव 20 नवम्बर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केवल राज्य के पंजीकृत किसानों से की जानी है। खरीदी अवधि में सीमावर्ती राज्यों से धान लाकर राज्य के उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर बेचे जाने की आशंका रहती है। इसे रोकने के लिए छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के पालन में कलेक्टर ने जिले में अन्य राज्यों से आने वाले धान के दस्तावेजों और धान के परीक्षण के लिए विशेष जांच दल गठित कर आवश्यक ड्यूटी लगाई है। इस दल में खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
शासन के निर्देशानुसार 30 अप्रैल 2027 तक अन्य राज्यों से सामान्य धान लाने के लिए संचालक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय से अनुमति लेना अनिवार्य है। उच्च किस्म का धान लाने के लिए कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) को सूचना देना अनिवार्य है। विशेष जांच दल उन व्यापारियों और राईस मिलर्स के दस्तावेजों तथा धान का परीक्षण करेंगे , जो अन्य राज्यों से धान आयात करते हैं। इनमें संचालक खाद्य से अनुमति लेकर सामान्य धान लाने वाले और कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) को सूचना देकर उच्च किस्म का धान लाने वाले, दोनों शामिल हैं। कलेक्टर ने अवैध रूप से धान आयात पाए जाने पर धान को वाहन सहित जप्त करने और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।
क्रमांक 80 -----------------

Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने