आज नहीं तो कल वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया डेब्यू जरूर होगा. देश-विदेश के दिग्गज खिलाड़ी इस 15 वर्षीय बल्लेबाज की खुलकर तारीफ जो कर चुके हैं. वैभव को लेकर क्रिकेट जगत फिलहाल 2 गुटों में बंटा हुआ है. एक तरफ वे लोग हैं जो कहते हैं कि वैभव को सब्र रखना चाहिए और कोशिश करें कि सीनियर खिलाड़ियों के साथ रहकर खूब सारी चीजें सीखें. दूसरी ओर वह लोग हैं जो तुरंत वैभव को भारतीय टीम की जर्सी में खेलते देखना चाहते हैं.
भारत के दिग्गज क्रिकेटर रवि शास्त्री भी वैभव को तुरंत डेब्यू का चांस देने के पक्ष में हैं. उनका कहना है की वैभव को आयरलैंड सीरीज में मौका दिया जाना चाहिए था और वह गेंद को इतनी बुरी तरह मारता कि बॉल मैदान की छत पर चली जाती.
रवि शास्त्री ने कहा, "उसे आयरलैंड में मौका मिलना चाहिए था. वह छोटा मैदान था और वैभव बॉल को मैदान की छत पर पहुंचा देता. उसे वहां खेलना चाहिए था. मुझे नहीं पता उसे यहां (इंग्लैंड) मौका मिलेगा. टीम मैनेजमेंट उसे यहां शायद मौका ना दे, लेकिन वैभव का जल्द से जल्द डेब्यू होना चाहिए. IPL में उसने सबको पीटा है, कोई गेंदबाज उनसे नहीं बचा है."
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकता है क्योंकि वह इतनी तूफानी शुरुआत करते हैं, जिससे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को भी राहत मिलेगी और टीम बड़े-बड़े स्कोर बना सकेगी.
एक तरफ अभिषेक शर्मा यूके टूर पर 3 पारियों में 108 रन बना चुके हैं, दूसरे छोर पर संजू सैमसन तीन पारियों में केवल 6 रन बना पाए हैं. सैमसन की असफलता को देखते हुए उन्हें जमकर निशाना बनाया जा रहा है. सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को दूसरा ओपनिंग स्लॉट दिए जाने की मांग ने जोर पकड़ा है.
यह भी पढ़ें:
'पैंट उतारकर...', वैभव सूर्यवंशी पर बोलते हुए रवि शास्त्री ने ये क्या कह दिया, VIDEO हुआ वायरल