PRORJN_25_SEPTEMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_03

PRORJN_25_SEPTEMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_03

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राजस्व अधिकारियों ने लिया स्थिति का जायजा
- नदी-नालों, एनीकट एवं पुलों के पास विशेष सावधानी बरतने ग्रामीणों को दी समझाइश, आपात स्थिति से निपटने तैयार रहने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 25 सितम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर राजस्व अधिकारियों एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा जिले के बाढ़ संभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं सीईओ जनपद पंचायत ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत भंवरमरा में बाढ़ संभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। मौके पर स्थिति सामान्य पाई गई। ग्राम पंचायत के सचिव एवं सरपंच को मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क करने, आवश्यकतानुसार रस्सी एवं टॉर्च की व्यवस्था रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। डोंगरगांव तहसील के बाढ़ संभावित ग्राम आलीखूंटा एवं बाकल का निरीक्षण कर सरपंच एवं ग्रामीणों से चर्चा की गई। उन्हें नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा जलस्तर बढऩे की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। वर्तमान में अतिवृष्टि से किसी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है। भर्रेगांव एनीकट का भी निरीक्षण किया गया।
तहसील छुरिया के ग्राम नांदियाखुर्द स्थित पुल का निरीक्षण किया गया। पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण बांस से बेरिकेडिंग कर आवागमन को सुरक्षित किया गया है। ग्रामीणों को पुल पार नहीं करने तथा नदी किनारे सावधानी बरतने की सलाह दी गई। ग्राम टेका स्थित छिपा नाला एनीकट का निरीक्षण कर लोगों को एनीकट पार नहीं करने की समझाइश दी गई। तहसील डोंगरगढ़ अंतर्गत ग्राम कोलेंद्र एवं घोटिया में भी स्थिति का जायजा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। इसी तरह ग्राम धमनसरा से जंगलेसर जाने वाले पुल तथा सुरगी सर्किल के बाढ़ संभावित ग्रामों का निरीक्षण किया गया। धामनसरा एवं सुरगी क्षेत्र के ग्रामों में भी वर्तमान में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं पाई गई। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि नदी, नालों, एनीकट एवं पुलों पर पानी का बहाव होने की स्थिति में जोखिम न लें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने कहा गया है।
क्रमांक 173 -----------------

Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने