India Fact News

कोई टाइटल नहीं

पढ़ाई के साथ संस्कृति का संगम, इग्नाइट शाला वार्ड 39 में बच्चों ने दी गरबा की मनमोहक प्रस्तुति
राजनांदगांव। हीरा मोती वार्ड क्रमांक 39 स्थित शासकीय प्राथमिक शाला ‘इग्नाइट’ में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए गरबा नृत्य गतिविधि का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गरबा की मनमोहक प्रस्तुति देकर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा शिक्षा के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद रवि सिन्हा ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व को निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। गरबा जैसी सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सामूहिक सहभागिता और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करती हैं।

कार्यक्रम में पूर्व छात्र एवं समाजसेवी डॉ. डी.सी. जैन तथा अमलेन्द्रु हाजरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। शाला प्रबंधन समिति के सदस्य आरती साहू, शशि मंडावी, अभय गोर, साक्षी मंडावी एवं सोनिया सोनकर सहित अभिभावकगण भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने प्रधान पाठिका श्रीमती राबिया शादाब तथा शिक्षिकाओं पूनम सिंह, बबीता देवांगन, लीला मानिकपुरी एवं दुर्गा पंसारी द्वारा बच्चों की गरबा प्रस्तुति के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। साथ ही बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम ने शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जोड़ते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का संदेश दिया।
Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने