इग्नाइट शाला की प्रधान पाठिका राबिया शादाब को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण, पार्षद रवि सिन्हा ने दी बधाई
राजनांदगांव। हीरा मोती वार्ड 39 स्थित शासकीय प्राथमिक शाला ‘इग्नाइट’ की प्रधान पाठिका श्रीमती राबिया शादाब को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है। उन्हें ‘उत्कृष्ट प्रधान पाठक (प्राथमिक शाला)’ श्रेणी में यह सम्मान मिला। संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग द्वारा आयोजित समारोह में मिली इस उपलब्धि से हीरा मोती वार्ड क्रमांक 39 सहित शहर में हर्ष का माहौल है।
यह सम्मान पूरे वार्ड और शहर का गौरव : रवि सिन्हा
वार्ड पार्षद रवि सिन्हा ने राबिया शादाब को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। यह पुरस्कार उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
सिन्हा ने कहा कि सरकारी विद्यालय जब अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचार से पहचान बनाते हैं, तो शिक्षा व्यवस्था के प्रति समाज का विश्वास मजबूत होता है। इग्नाइट शाला की यह उपलब्धि पूरे वार्ड और राजनांदगांव के लिए गौरव का विषय है तथा अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
सामूहिक प्रयासों को दिया सफलता का श्रेय
प्रधान पाठिका राबिया शादाब ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, शाला प्रबंध समिति (एसएमसी), अभिभावकों और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने विद्यालय के विकास, आवश्यक व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों में महापौर मधुसूदन यादव एवं पार्षद रवि सिन्हा के सहयोग के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष, संकुल प्राचार्य, एसएमसी सदस्य, अभिभावकों एवं वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। रवि सिन्हा ने विश्वास जताया कि इग्नाइट शाला भविष्य में भी शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर वार्ड क्रमांक 39 एवं शहर का नाम रोशन करेगी।
