एशियन गेम्स 2026 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया. दोनों टीमों के बीच मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक रहा, लेकिन भारतीय टीम ने दबाव में बेहतर खेल दिखाया और 19 रन से जीत दर्ज की. इस शानदार प्रदर्शन के बाद पूर्व कप्तान कपिल देव ने भी टीम इंडिया की तारीफ की और भारत को पाकिस्तान से बेहतर बताया.
भारत की जीत के बाद कपिल देव ने कहा कि उन्हें अपनी टीम की ताकत पर पूरा भरोसा था. उन्होंने माना कि भारतीय टीम पाकिस्तान से काफी बेहतर है और खिलाड़ी लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं. कपिल ने टीम को जीत के लिए बधाई देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की.
भारत का डबल गोल्ड एशियन गेम में
पुरुष टीम की इस जीत से एशियन गेम्स में भारत ने क्रिकेट के दोनों गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिए. इससे पहले हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली महिला टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर गोल्ड जीता था. पुरुष टीम के गोल्ड के साथ भारत की मेडल संख्या 85 हो गई है, जिसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल हैं.
अभिषेक और तिलक ने संभाला मोर्चा
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 28 गेंदों पर 61 रन की तूफानी पारी खेली. उनके बल्ले से 7 छक्के निकले. वहीं तिलक वर्मा ने 22 गेंदों पर बिना आउट हुए 51 रन बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. उनके अलावा शिवम दुबे ने भी 27 रन का योगदान दिया.
हसन नवाज की पारी पर फिरा पानी
212 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 39 रन तक 3 विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद हसन नवाज ने मोर्चा संभाला और 51 गेंदों में 96 रन बनाकर मुकाबले को आखिरी ओवर तक पहुंचा दिया. उन्होंने 5 चौके और 7 छक्के लगाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके.
आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रन चाहिए थे. नवाज ने कुछ बड़े शॉट लगाए, लेकिन शिवम दुबे ने आखरी गेंद पर उनका विकेट लेकर भारत की जीत पक्की कर दी. पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी. भारत की तरफ से अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट लिए.
यह भी पढ़ें:
भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में शाई होप ने तोड़े 3 बड़े रिकॉर्ड, खेली 162 की ऐतिहासिक पारी