PRO Durg news & photo _ 28 October 2026 _ File 01

PRO Durg news & photo _ 28 October 2026 _ File 01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ. ग.)
समाचार

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा होंगे राज्योत्सव के मुख्य अतिथि


दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 02 नवंबर 2026 को एक दिवसीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित पुराना गंज मंडी, गंजपारा परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर राज्योत्सव कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।

::000::

समाचार

शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें बैंक- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह

- जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं समीक्षा समिति की बैठक में बैंकिंग सेवाओं और शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा


दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के कार्यों, ऋण वितरण, जमा अनुपात, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण, जन सुरक्षा योजनाओं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री सिंह ने बैंकों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए बैंक एक निर्धारित तिथि तय करें। बैंकों की सहमति पर सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को निर्धारित किया गया है, ताकि हितग्राहियों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण हो और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने बैंकों की प्राथमिकता एवं 3 गैर-प्राथमिकता क्षेत्र के ऋण, ऋण-जमा अनुपात, शिक्षा ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा ऋण, जन सुरक्षा योजनाओं और अन्य शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बैंकों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर, मत्स्य पालन एवं पशुपालन सहित विभिन्न योजनाओं में लंबित ऋण आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित बैंकों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के लिए भी कहा।

बैठक में नगर पालिक निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित प्रकरणों पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान करने को कहा। भारतीय रिजर्व बैंक रायपुर से उपस्थित श्री सजनंद वर्मा ने भी बैठक में सहभागिता की। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं अन्य बैंक अधिकारियों को वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को वित्तीय साक्षरता प्रदान करने तथा पात्र हितग्राहियों को जन सुरक्षा योजनाओं एवं किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में  सहायक महाप्रबंधक (इंडियन बैंक) श्री अमित गौरव, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड श्रीमती अंशु गोयल, वित्तीय साक्षरता केन्द्र दुर्ग श्री लेखराम ध्रुव  सहित जिला पंचायत दुर्ग, जिला उद्योग केंद्र, मत्स्य पालन एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित थे।

ःः000ःः

समाचार

ग्राम आमटी जिला दुर्ग विकासखंड चना फसल खराब होने पर किसानों ने बीमा राशि दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार

- सड़क चौड़ीकरण से आवासीय भूमि प्रभावित, उचित मुआवजे दिलाने दिया आवेदन

- जनदर्शन में 77 आवेदन प्राप्त हुए


दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026/ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 77 आवेदन प्राप्त हुए।

इसी कड़ी में ग्राम भनसुली-आर, तहसील पाटन निवासी ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना की वर्ष 2026 की 10 हजार रुपये की सहायता राशि रोके जाने की शिकायत और भुगतान की मांग की। उन्होंने बताया कि वे भूमिहीन मजदूर हैं और उनकी पत्नी ग्राम पंचायत में पंच हैं। पंच पति होने के कारण उनका नाम अपात्र सूची में शामिल कर राशि रोक दी गई है। उन्होंने पात्रता के आधार पर रुकी हुई राशि का भुगतान कराने की मांग की है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार पाटन को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम पोटियाकला निवासी ने पुलगांव चौक से जेल तिराहा के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य से आवासीय भूमि प्रभावित होने पर मुआवजा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने बताया कि भूमि मुख्य मार्ग से लगी हुई है। सड़क चौड़ीकरण के साथ पाइपलाइन और नाली निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण के संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने अधिग्रहित की गई भूमि का निर्धारित मूल्यांकन संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक भूमि का उचित मूल्यांकन करने और नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम दुर्ग एवं ईई पीडब्ल्यूडी को जांच कर कार्यवाही करने को कहा।

दुर्ग विकासखंड के ग्राम आमटी के किसानों ने रबी वर्ष 2025-26 में चना फसल को हुए नुकसान के एवज में बीमा राशि प्रदान करने की मांग की। किसानों ने बताया कि उन्होंने खेतों में चने की फसल की बुआई कर बीमा कराया था। लेकिन प्राकृतिक आपदा और कीट-पतंगों के प्रकोप के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। इससे उत्पादन प्रभावित हुआ और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। किसानों ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा फसल का निरीक्षण भी किया गया था। इस पर कलेक्टर ने कृषि विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ःः000ःः

समाचार

स्व सहायता समूह ने आंगनबाड़ी  बच्चों के लिए खिलौना एवं खेल सामग्री भेंट की


दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026/जिले में आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के सर्वांगीण विकास, मनोरंजन एवं खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आंगनमिलन सेवा के अंतर्गत समाज के जागरूक नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से निरंतर सकारात्मक पहल की जा रही है। इसी कड़ी में समाजसेविका एवं मिनीमाता सम्मान से सम्मानित श्रीमती ललेश्वरी साहू की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से जीविका स्व-सहायता समूह द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों में अध्ययनरत बच्चों के लिए खिलौना एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। उनके प्रेरणादायी प्रयासों से प्रेरित होकर जीविका स्व-सहायता समूह ने बच्चों के हित में खिलौना सामग्री प्रदान करने की पहल की, जिससे आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों को खेल एवं सीखने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। इस सहयोग में श्रीमती ललेश्वरी साहू के साथ श्रीमती सविता साहू, श्रीमती सुशीला देवांगन एवं श्रीमती भुनेश्वरी साहू की सहभागिता रही।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समाज के सभी वर्गों से अपील की गई है कि वे आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए आगे आएं तथा अपनी सामर्थय के अनुसार सहयोग प्रदान करें। समाज की सक्रिय सहभागिता से प्रत्येक बच्चे को सीखने, खेलने एवं आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक कुमार पाण्डेय एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अजय कुमार साहू उपस्थित रहे।

::000::

समाचार

निवार्चन प्रेक्षक द्वारा मतदान केन्द्रों में दावा आपत्ति कार्य का अवलोकन

 
दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाच आयोग द्वारा धमतरी जिले के अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी को दुर्ग जिले के नगरीय निकाय आम एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन-2026 के निर्वाचक नामावली तैयार/पुनरीक्षण कार्य हेतु प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। प्रेक्षक नियुक्त होने के उपरांत विगत 27 अक्टूबर को प्रेक्षक श्रीमती इंदिरा देवहारी का दुर्ग आगमन हुआ। वे यहां पर दुर्ग के अंतर्गत नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों में चल रहे निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती सिल्ली थॉमस, अपर कलेक्टर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान नगर निगम रिसाली के वार्ड क्र. 01 तालपुरी के मतदान केन्द्र में तथा नगर निगम भिलाई के वार्ड क्र. 64-65 सेक्टर-10 के मतदान केन्द्र में उपस्थित प्राधिकृत अधिकारियों के द्वारा प्राप्त किये जा रहे दावा आपत्ति के आवेदन पत्रों का अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। प्रेक्षक श्रीमती इंदिरा देवहारी से निर्वाचक नामावली के संबंध में लोक निर्माण विभाग दुर्ग के सर्किट हाउस के कक्ष क्रमांक 08 में कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। उनका मोबाईल नंबर 62668-00039 है।

ःः000ःः

समाचार

कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनरत्
दिव्यांग छात्र-छात्राओं हेतु छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाईन आवेदन 30 अक्टूबर तक

 
दुर्ग, 27 अक्टूबर 2026/ जिले में कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनत् दिव्यांग छात्र-छात्राएं के लिए दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले एनएसपी पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अप्लाई फार स्कालरशिप विकल्प के माध्यम से लॉगिन कर आधार सत्यापन करना होगा तथा आवश्यक जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। आवेदन के लिए मूल निवास प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र एवं पिछले शैक्षणिक वर्ष की अंकसूची शामिल करना होगा।

ऑनलाईन आवेदन पूर्ण होने के बाद आवेदन संबंधित विद्यालय की संस्था आईडी में प्राप्त होगा। विद्यालय के प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा आवेदन का सत्यापन कर उसे समाज कल्याण विभाग दुर्ग को भेजा जाएगा। इसके बाद विभाग द्वारा आवेदन राज्य स्तर पर अग्रेषित किये जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्था का एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्री ए.पी. गौतम ने जिले के समस्त शासकीय व अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत् दिव्यांग छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अथवा अपने विद्यालय की सहायता से ऑनलाईन आवेदन अवश्य करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए विद्यार्थी कार्यालय उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत परिसर दुर्ग में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त श्री आलोक सिंह, सहायक ग्रेड-03 मोबाईल नंबर 8827270454 से भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ःः000ःः
Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने