PRORJN_06_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTO_FILE_02

PRORJN_06_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTO_FILE_02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
सेवा की कहानी
सूरज की किरणों से श्रवण साहू का घर हुआ रोशन
- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल शून्य
- 3 किलोवॉट सोलर पैनल से हर महीने हो रही बचत
- घरेलू जरूरतों के लिए हो रही राशि की उपयोगिता
राजनांदगांव 06 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना श्री श्रवण साहू के लिए केवल घर की छत पर सोलर पैनल लगाने की योजना नहीं, बल्कि बढ़ते बिजली बिल के बोझ से राहत और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का एक मजबूत माध्यम बन गई है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मुसराखुर्द निवासी श्री श्रवण साहू कृषि-मजदूरी का कार्य करते हैं। सीमित आय के बीच हर महीने आने वाला बिजली बिल उनके घरेलू बजट पर अतिरिक्त भार डालता था। सामान्य दिनों में लगभग 1200 रूपए और गर्मी के मौसम में करीब 2 हजार रूपए तक बिजली बिल आने से उन्हें परेशानी होती थी। ऐसे समय में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई। ग्राम पंचायत में आयोजित सूर्य सभा के माध्यम से उन्हें योजना की जानकारी मिली। योजना के लाभ और सोलर पैनल लगाने पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट का सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया।
श्री साहू बताते हैं कि सोलर पैनल लगाने के बाद अब उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। पहले बिजली बिल के लिए हर महीने अलग से राशि निकालनी पड़ती थी, लेकिन अब वही राशि बच रही है। इस बचत का उपयोग वे परिवार की अन्य घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं। उनके लिए यह बचत केवल कुछ रूपयों की नहीं, बल्कि सीमित आय में परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करने का सहारा बन गई है। सोलर पैनल लगवाने में शासन की आर्थिक सहायता ने भी उनका हौसला बढ़ाया। उन्हें केन्द्र शासन की ओर से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन की ओर से 30 हजार रूपए की सब्सिडी मिली। इस प्रकार उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी का लाभ मिला। इसके साथ ही बैंक से आसान किस्तों में राशि उपलब्ध होने से सोलर पैनल लगवाना उनके लिए और भी सरल हो गया।
आज श्री श्रवण साहू के घर की छत पर लगा सोलर पैनल स्वच्छ और हरित ऊर्जा का स्रोत बनने के साथ ही उनके परिवार के लिए आर्थिक बचत का माध्यम भी बन गया है। बिजली बिल के खर्च से मिली राहत से उनके परिवार की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। श्री साहू ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से उनके परिवार को मिली इस आर्थिक राहत के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
क्रमांक 49 -----------------------
शासकीय पहाड़ी भूमि एवं नाले पर अवैध मार्ग निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
- जेसीबी से अवैध मार्ग की जगह-जगह खुदाई कर आवागमन किया गया बंद
राजनांदगांव 06 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे एवं अनधिकृत निर्माण के विरूद्ध राजस्व विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत मनगटा वन चेतना केन्द्र से लगे ग्राम झुराडबरी में शासकीय पहाड़ी भूमि एवं नाले पर अवैध रूप से बनाए गए मार्ग के विरूद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी एवं भारी मशीनरी की सहायता से दोबारा बनाए गए अवैध कच्चे मार्ग की जगह-जगह गहरी खुदाई कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। कार्रवाई के तहत सड़क के बीच विभिन्न स्थानों पर गहरी खुदाई की गई, जिससे इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।
उल्लेखनीय है कि शासकीय भूमि खसरा नंबर 672 पहाड़/चट्टान मद में दर्ज है, जिसका कुल रकबा 13.354 हेक्टेयर है। इसके साथ ही खसरा नंबर 563/1, 563/2 एवं 563/3 के सामने स्थित शासकीय नाले पर दोबारा कच्चा मार्ग तैयार किया गया था। प्रशासन द्वारा जेसीबी की सहायता से उक्त अवैध मार्ग की जगह-जगह गहरी खुदाई कर इसे आवागमन के लिए अवरुद्ध कर दिया गया।
क्रमांक 50 -----------------------

Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने