PRORJN_23_NOVERMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

PRORJN_23_NOVERMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
धान खरीदी की सुगम व्यवस्था से किसान श्री दुधेराम साहू खुश
- धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में 24 क्विंटल धान का किया विक्रय
- ऑनलाईन टोकन की सुविधा से धान विक्रय हुआ आसान
- कृषक उन्नति योजना से मिली राशि का कृषि कार्यों में किया उपयोग
राजनांदगांव 23 नवम्बर 2026। राज्य शासन द्वारा किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने तथा उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं ऑनलाईन टोकन की सुविधा से किसानों के लिए धान विक्रय की प्रक्रिया सरल, सुगम एवं सुविधाजनक हो गई है। शासन की किसान हितैषी योजनाओं एवं धान खरीदी की बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों में खुशी और संतोष है। इसी कड़ी में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम डुडिया निवासी किसान श्री दुधेराम साहू ने धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में 24 क्विंटल धान का विक्रय किया।
किसान श्री दुधेराम साहू ने बताया कि उनके पास 1.80 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे धान की खेती करते हैं। उन्होंने इस वर्ष अपनी मेहनत से उत्पादित 24 क्विंटल धान का समर्थन मूल्य पर विक्रय किया है। उन्होंने बताया कि धान विक्रय के लिए मोबाईल के माध्यम से घर बैठे आसानी से ऑनलाईन टोकन प्राप्त हो गया। इससे धान उपार्जन केन्द्र में अनावश्यक प्रतीक्षा करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। निर्धारित तिथि पर धान लेकर उपार्जन केन्द्र पहुंचे और सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज का विक्रय किया। किसान श्री दुधेराम साहू ने धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। धान विक्रय की प्रक्रिया सरल होने से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। ऑनलाईन टोकन व्यवस्था से किसानों के समय की बचत हो रही है और वे अपनी सुविधा के अनुसार धान विक्रय कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं से छोटे एवं सीमांत किसानों को विशेष राहत मिल रही है।
किसान श्री दुधेराम साहू ने बताया कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर धान विक्रय एवं कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्राप्त राशि का उपयोग कृषि कार्यों में किया। इससे खेती-किसानी के लिए आवश्यक खर्चों को पूरा करने में सहायता मिली। उन्होंने कृषक उन्नति योजना की सराहना करते हुए कहा कि योजना अंतर्गत किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रूपए की आदान सहायता राशि मिलने से आर्थिक लाभ होगा। इससे किसान खेती में आवश्यक निवेश कर सकेंगे तथा कृषि कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित कर पाएंगे। किसान श्री दुधेराम साहू ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इन योजनाओं से किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलने के साथ ही कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने किसानों के हित में संचालित योजनाओं तथा धान खरीदी केन्द्रों में की गई सुविधाजनक व्यवस्थाओं के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्रमांक 94 -----------------
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी
- धान खरीदी के सात दिनों में 7 हजार 836 किसानों से 29820.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी
-  आज 1430 किसानों से 5782.36 मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी
- अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त निगरानी
- अब तक 31 प्रकरणों में 2855.50 क्विंटल धान जप्त
राजनांदगांव 23 नवम्बर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से जारी है। शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी 122 धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों से धान खरीदी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को ऑनलाइन टोकन की सुविधा उपलब्ध होने से धान विक्रय की प्रक्रिया सरल एवं सुविधाजनक हुई है। जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक सात खरीदी दिवसों में कुल 7 हजार 836 किसानों से 29820.48 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 23 नवम्बर 2026 को जिले के 122 धान उपार्जन केन्द्रों के लिए कुल 1549 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकनों के माध्यम से 6761.11 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीयन किया गया था। इनमें से 1430 किसानों ने धान उपार्जन केन्द्रों में पहुंचकर कुल 5782.36 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया। इस प्रकार आज टोकन प्राप्त करने वाले 92.32 प्रतिशत किसानों ने अपना धान विक्रय किया। आगामी खरीदी दिवस 25 नवम्बर 2026 के लिए जिले के 122 धान उपार्जन केन्द्रों में कुल 1726 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से कुल 7350.80 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा धान खरीदी का कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई जारी
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के संयुक्त अमले द्वारा जिले में सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में आज 23 नवम्बर 2026 को मंडी डोंगरगढ़ द्वारा दो प्रकरणों में कुल 120 कट्टा अर्थात 48 क्विंटल धान जप्त किया गया। इनमें ग्राम बेलगांव में 60 कट्टा (24 क्विंटल) तथा डोंगरगढ़ में 60 कट्टा (24 क्विंटल) धान जप्ती की कार्रवाई की गई। लाइसेंस की तय सीमा से अधिक धान का संग्रहण करने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण यह कार्रवाई की गई। जिले में अवैध धान के विरुद्ध की गई कार्रवाई अंतर्गत 21 नवम्बर 2026 तक कुल 29 प्रकरणों में 2807.50 क्विंटल धान (6615 कट्टा) एवं 3 वाहन जप्त किए गए थे। आज की कार्रवाई को मिलाकर जिले में अब तक कुल 31 प्रकरणों में 2855.50 क्विंटल धान (6735 कट्टा) तथा 3 वाहन जप्त किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
क्रमांक 95 -----------------

Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने