PRORJN_25_NOVERMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS

PRORJN_25_NOVERMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
किसान भागवत साहू की मेहनत को मिल रहा सम्मान
- परिवार में खुशहाली ला रही शासन की योजनाएं
- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना से किसानों के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
- ऑनलाईन टोकन की सुविधा से धान विक्रय हुआ सहज और सरल
राजनांदगांव 25 नवम्बर 2026। खेतों में दिन-रात मेहनत कर फसल उगाने वाले किसानों के लिए अपनी उपज का उचित मूल्य मिलना किसी बड़ी खुशी से कम नहीं होता। किसान की मेहनत का सम्मान और उसके परिवार की खुशहाली तब और बढ़ जाती है, जब शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ उसे सहजता से मिलता है। ऐसी ही कहानी राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम उपरवाह के किसान श्री भागवत साहू की है, जो अपने पुत्र श्री रिकेश साहू के साथ धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में अपनी मेहनत से उगाए गए लगभग 31 क्विंटल धान का विक्रय करने पहुंचे थे। किसान श्री भागवत साहू के पुत्र श्री रिकेश साहू ने बताया कि उनके परिवार के पास डेढ़ एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे खेती-किसानी करते हैं। उन्होंने बताया कि मोबाईल के माध्यम से धान विक्रय के लिए आसानी से ऑनलाईन टोकन प्राप्त हो गया। शासन द्वारा धान उपार्जन केन्द्र उपरवाह में धान विक्रय के लिए अच्छी व्यवस्था की गई है। किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। ऑनलाईन टोकन की सुविधा से किसानों के समय की बचत हो रही है तथा धान विक्रय की प्रक्रिया सहज एवं सरल हो गई है।
श्री रिकेश साहू ने बताया कि पिछले वर्ष समर्थन मूल्य पर धान विक्रय एवं कृषक उन्नति योजना अंतर्गत प्राप्त राशि का उपयोग कृषि कार्यों में किया है। शासन से मिल रही आर्थिक सहायता किसानों के लिए खेती-किसानी को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण आधार बन रही है। कृषि कार्यों में राशि का पुनर्निवेश करने से किसानों को आगामी फसल की तैयारी करने में सहूलियत मिल रही है। सीमित कृषि भूमि वाले किसानों के लिए शासन की योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता विशेष महत्व रखती है। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं से किसानों को अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलने के साथ ही खेती-किसानी के प्रति उनका उत्साह बढ़ रहा है। किसान श्री भागवत साहू  एवं उनके पुत्र श्री रिकेश साहू ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से मिल रही आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्रमांक 97 -----------------
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी
- जिले में अब तक 9420 किसानों से 36015.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी
- आज 1584 किसानों ने किया 6195.28 मीट्रिक टन धान का विक्रय
- अवैध धान के भण्डारण एवं परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
- अब तक 34 प्रकरणों में 2997.50 क्विंटल धान जप्त
राजनांदगांव 25 नवम्बर 2026। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी का कार्य जिले में सुचारू रूप से किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए धान उपार्जन केन्द्रों में खरीदी व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक 9420 किसानों से 36015.76 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।
खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार आज जिले के 122 धान उपार्जन केन्द्रों के लिए 1789 टोकन जारी किए गए थे। जारी टोकन में 7527.25 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत था। इनमें से 1584 किसानों द्वारा 6195.28 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया गया। इस प्रकार आज जारी टोकन के विरूद्ध 88.54 प्रतिशत किसानों ने अपने धान का विक्रय किया। आगामी 26 नवम्बर 2026 को जिले के 122 धान उपार्जन केन्द्रों में 7647.38 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए 1710 टोकन जारी किए गए हैं।
अवैध धान के भण्डारण एवं परिवहन पर लगातार की जा रही कार्रवाई
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध धान के भण्डारण, परिवहन एवं धान उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अमले द्वारा सतत निगरानी रखते हुए जांच एवं जप्ती की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज जिले में अवैध धान के 2 प्रकरण दर्ज कर कुल 205 कट्टा (82 क्विंटल) धान जप्त किया गया। मंडी विभाग राजनांदगांव द्वारा राजनांदगांव स्थित एक पोहा उद्योग से 150 कट्टा (60 क्विंटल) तथा मंडी विभाग डोंगरगढ़ द्वारा डोंगरगढ़ में 55 कट्टा (22 क्विंटल) धान जप्त किया गया। लाइसेंस में निर्धारित सीमा से अधिक धान का भण्डारण करने एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर जप्ती की कार्रवाई की गई। जिले में अब तक अवैध धान के 34 प्रकरण दर्ज कर 2997.50 क्विंटल धान (7090 कट्टा) एवं 4 वाहन जप्त किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
क्रमांक 98 -----------------
त्रि-स्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026
- रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
राजनांदगांव 25 नवम्बर 2026। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव ने त्रि-स्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन 2026 अंतर्गत सरपंच एवं पंच के निर्वाचन हतु जनपद पंचायतवार अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। जनपद पंचायत राजनांदगांव अंतर्गत सरपंच व पंच पद के निर्वाचन हेतु तहसीलदार राजनांदगांव श्री प्यारे लाल नाग को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजनांदगांव श्री मनीष साहू को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत पंच पद के निर्वाचन हेतु तहसीलदार डोंगरगढ़ श्री चितेश कुमार देवांगन को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्री माखन चन्द्रवंशी को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत सरपंच व पंच पद के निर्वाचन हेतु तहसीलदार डोंगरगांव श्री कमल किशोर साहू को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डोंगरगांव श्रीमती रोशनी भगत टोप्पो को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, जनपद पंचायत छुरिया अंतर्गत पंच के निर्वाचन हेतु तहसीलदार छुरिया श्रीमती आकांक्षा साहू को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुरिया श्री होरीलाल साहू को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 99 -----------------
राष्ट्रीय जेंडर अभियान नई चेतना पहल बदलाव का हुआ शुभारंभ
राजनांदगांव 25 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान (एनआरएलएम) अंतर्गत राष्ट्रीय जेंडर अभियान नई चेतना पहल बदलाव के पांचवें संस्करण नई चेतना 5.0 का आयोजन 25 नवम्बर से 23 दिसम्बर 2026 तक किया जा रहा है। इसी क्रम में नई चेतना पहल बदलाव के पांचवें संस्करण नई चेतना 5.0 अंतर्गत 25 नवम्बर 2026 जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जेंडर अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी गई। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को वास्तविक सशक्तिकरण में परिवर्तित करना तथा उनकी परिसंपत्तियों पर स्वामित्व एवं नियंत्रण, सुरक्षित आवागमन, निर्णय लेने में सहभागिता एवं घरेलू अवैतनिक देखभाल कार्यों के समान वितरण को प्रोत्साहित करना है। नई चेतना 5.0 अभियान हेतु इस वर्ष का थीम पहुंच से सशक्तिकरण की ओर-आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण है। कार्यक्रम के दौरान सभी संकुल संगठनों, ग्राम संगठनों एवं स्वसहायता समूहों के माध्यम से अभियान की गतिविधियों का संचालन, जेंडर रिसोर्स सेंटर एवं संबंधित सामुदायिक संवगों की सक्रिय भागीदारी तथा अभियान की सप्ताहवार कार्ययोजना से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। इसके साथ ही अभियान अंतर्गत आयोजित समस्त गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। अभियान की कार्ययोजना अनुसार विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन हेतु प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से उपस्थित अधिकारियों को नई चेतना 5.0 अभियान में आवश्यक सहयोग हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अभियान के राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभक्रार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखा गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जिला स्तरीय अधिकारी, एनआरएलएम अंतर्गत विकासखण्डों में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी, संकुल संगठन के पदाधिकारी, जेंडर मास्टर ट्रेनर, एफएनएचडब्ल्यू मास्टर ट्रेनर, एसआई मास्टर ट्रेनर, पोषण सखी, कृषि उद्योग सखी उपस्थित रहे।
क्रमांक 100 -----------------
धान उपार्जन केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर किया जाएगा किसानों का स्वास्थ्य परीक्षण
- अवैध धान के परिवहन, भण्डारण एवं विक्रय पर सख्त कार्रवाई करने के दिए निर्देश
- फसल चक्र परिवर्तन के लिए किसानों को अभी से जागरूक एवं प्रोत्साहित करने कहा
- पटवारियों के हड़ताल से वापस लौटने के बाद राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
- छमाही परीक्षा की तैयारी एवं परीक्षा परिणामों के विश्लेषण के लिए टीम गठित करने के निर्देश
- स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए टीम गठित कर स्थल चिन्हांकित करने के दिए निर्देश
- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने सक्रियता पूर्वक कार्य करने कहा
- कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की
राजनांदगांव 25 नवम्बर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय करने आने वाले किसानों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला खाद्य अधिकारी को आपसी समन्वय से टीम गठित कर धान उपार्जन केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हांकित करने कहा। इससे किसानों को धान विक्रय के साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी मिल सकेगी।
कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध धान के परिवहन, भण्डारण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने कहा। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल छापामार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों द्वारा प्रस्तुत दावा-आपत्तियों का शीघ्र निराकरण करने कहा, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हो।
कलेक्टर ने फसल चक्र परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को अभी से जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कम पानी की आवश्यकता वाली दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने कहा। फसल चक्र परिवर्तन से जल संरक्षण, भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने तथा किसानों की आय में वृद्धि करने में मदद मिलेगी। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि पटवारियों के हड़ताल से वापस लौटने के बाद लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं। उन्होंने ग्राम पंचायतों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना के अंतर्गत लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने कहा, ताकि हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही लीज पर दी गई राजगामी कृषि भूमि की जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए छमाही परीक्षा की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने तथा परीक्षा परिणामों के विश्लेषण के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने कहा। उन्होंने जिले में विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं एवं तैयारियों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए एचपीवी वैक्सीनेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने महतारी सदन निर्माण के लिए उपयुक्त एवं सुविधाजनक स्थल का चयन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नागरिकों पर बिजली बिल के आर्थिक बोझ को कम करने के उद्देश्य से यह महत्वाकांक्षी योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित होने से बिजली बिल में कमी आने के साथ ही शून्य बिजली बिल का लाभ भी मिल सकता है। उन्होंने योजना का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अब तक 17 हजार 234 आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा 8 हजार 800 से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 101 -----------------
Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने