PRO Durg news & photo_ 22 Sitmber 2026_ File 01

PRO Durg news & photo_ 22 Sitmber 2026_ File 01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ.ग.)
समाचार

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा मेरा योगदान दो चरणों में
 
- कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में अभियान की रूपरेखा से अधिकारियों को कराया अवगत

दुर्ग, 22 सितम्बर 2026/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने विभागवार समय-सीमा लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की, वहीं जिले में आयोजित सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा मेरा योगदान के संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया। कलेक्टर ने कहा कि जिले के नगरीय निकायों में सेवा मेरा योगदान उत्सव का आयोजन 23 से 25 सितम्बर और 01 से 08 अक्टूबर 2026 तक दो चरणों में होना है। समस्त नगरीय निकायों में स्थानीय आवश्यकताओं एवं उपलब्ध संसाधानों के अनुरूप गतिविधियां, सेवा एवं स्वच्छता, अन्न एवं वस्त्र दान, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, कौशल दान एवं प्रशिक्षण, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, रक्त दान एवं कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता तथा महिला सशक्तिकरण हेतु गतिविधियां आयोजित किए जाएंगे। संबंधित विभाग बेहतर कार्य योजना के साथ आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों के लिए हो खिलौना दान का पहल

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अभियान के दौरान जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों के जरूरतमंद बच्चों के लिए खिलौना दान का पहल किया जाए। इसके लिए ऐसे परिवार जिसके यहां बच्चे बडे़ हो गये हैं और खिलौने अनुपयोगी साबित हो रहे हो, उन परिवारों को आंगनबाड़ी केन्द्रों में खिलौना दान कराने अपील की जाए। उन्हांेने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश दिये। साथ ही पांच बिल्डिंग स्थित विभागीय कार्यालय में दान में प्राप्त पुराने खिलौना संग्रहित करने निर्देशित किया। इस संबंध में डीपीओ श्री पांडे ने अवगत कराया कि खिलौना दान करने वाले नागरिक उनके मोबाईल नंबर 9893943374 पर संपर्क कर कार्यालय में खिलौना दान कर सकते हैं। इसके अलावा जिले के 08 परियोजना कार्यालय क्रमशः एकीकृत बाल विकास परियोजना भिलाई-1, धमधा, पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहरी, जामगांव(एम), भिलाई-2 एवं अहिवारा में भी संबंधित परियोजना अधिकारी से संपर्क कर खिलौना दान कर सकते हैं। इन कार्यालयों में भी खिलौना संग्रह की व्यवस्था की गई है।

रक्तदान एवं नेत्रदान भी होंगे

सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, वरिष्ठ नागरिकों के लिए दन्त एवं दृष्टि जांच शिविर, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा पोषण एनिमिया संबंधी जारूकता अभियान, स्वास्थ्य एवं फिटनेस गतिविधियां तथा अंग दान एवं नेत्र दान हेतु संकल्प सेवा जागरूकता अभियान की चलाएं जाएंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएमएचओ को 02 अक्टूबर सहित अन्य महत्वपूर्ण तिथियों में मेघा स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिये है।

सेवा सेतु शिविर

जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार के अंतर्गत 01 से 05 अक्टूबर 2026 तक जिले के दुर्ग, धमधा एवं पाटन विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय विशेष सेवा सेतु शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नगरीय क्षेत्रों में भी यह शिविर आयोजित होंगे। उन्होंने आमजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण, पारदर्शी सेवा प्रदायगी तथा प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है। शिविर के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभान्वितों को प्रमाण पत्र से सम्मानित किये जाएंगे।

पीएम सूर्य घर योजना अंतर्गत उपभोक्ता होंगे लाभान्वित

समीक्षा के दौरान सीएसपीडीसीएल के कार्यपालन अभियंता ने अवगत कराया कि पीएम सूर्य घर योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 में नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत के द्वारा इन्स्टाल करवाये गये उपभोक्ताओं का प्रति कनेक्शन 1000 रूपए की राशि नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायतों को स्थानीय निकाय प्रोत्साहन प्रदाय किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित नगरी निकाय एवं ग्राम पंचायत से बैंक खाता का विवरण विद्युत विभाग द्वारा मंगाया गया है।    

पंजीकृत श्रमिकों का ई-केवायसी प्रगति पर

समीक्षा के दौरान श्रम पदाधिकारी ने अगवत कराया कि जिले के सभी निर्माण एवं असंगठित कर्मकारों की सुविधा के लिए ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में सीएससी वीएलई के माध्यम से श्रमिकों के पंजीयन कार्ड में आधार कार्ड के अनुसार नाम, जन्म तिथि, पता आदि की विवरण की त्रुटियों का संशोधन कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। ज्ञात हो कि श्रमिक कार्ड में उल्लेखित विवरण और आधार कार्ड के डेटा में अंतर होने के कारण कई पात्र श्रमिक विभागीय कल्याणकारी योजनाओं के प्रत्यक्ष लाभ से वंचित रह जाते हैं, इस समस्या से निराकरण हेतु प्रत्येक क्षेत्र में नियमित शिविर लगाकर मौके पर ही आवश्यक सुधार किये जा रहे हैं। जिले की समस्त पंजीकृत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी शिविर अथवा वीएलई से संपर्क कर अपने मूल आधार कार्ड, मूल श्रमिक पंजीयन कार्ड के साथ उपस्थित हो और अपने विवरण में तत्काल सुधार करवाये ताकि शासन की योजनाओं की राशि बिना किसी अवरोध के खाते में राशि अंतरित हो सके।

कलेक्टर श्री सिंह ने विभागों को आबंटित जमीन की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रस्तुत करने और चिन्हांकित जर्जर भवनों का डिस्मेंटल करने पर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी नगरीय निकायों में स्वीकृत नये निर्माणाधीन पीएम आवास का जियो टैगिंग 30 सितम्बर तक पूर्ण कर लेने, समग्र शिक्षा के तहत स्वीकृत निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने, निजी विद्यालयों के बच्चों का आधार सीडिंग, वय वंदन एवं आयुष्मान कार्ड में प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। बैठक में नगर निगम की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, श्री विरेन्द्र सिंह, श्री हरवंश सिंह मिरी एवं श्रीमती सिल्ली थामस, नगर निगम भिलाई चरोदा के आयुक्त श्री दशरथ राजपूत एवं नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा सहित सभी एसडीएम एवं जिला कार्यालय के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।  

ःः000ःः

आईआईटी भिलाई में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत स्वच्छता शपथ का आयोजन

दुर्ग, 22 सितम्बर 2026/ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई में भारत सरकार के स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
इसी क्रम में 22 सितंबर 2026 को प्रातः 11.30 बजे आईआईटी भिलाई के एलडीसी लेवल-2 में संस्थान के छात्रों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सदस्यों द्वारा स्वच्छता शपथ ली गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ परिसर के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से आईआईटी भिलाई द्वारा स्वच्छता, स्वच्छ परिसर, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस अभियान के सफल आयोजन में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव प्रकाश का सम्पूर्ण मार्गदर्शन रहा। आईआईटी भिलाई स्वच्छता के प्रति सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

ःः000ःः

रक्तदान, नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूक बनने एवं प्रेरित होने की अपील

दुर्ग, 22 सितम्बर 2026/ रक्तदान एवं नेत्रदान ऐसे महादान हैं जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकते हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन से रक्तदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित होने की अपील की गई है। ये दान मानव सेवा के सर्वोच्च कार्यों में सम्मिलित हैं, जो अनेक लोगों को नया जीवन एवं नई आशा प्रदान करते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार रक्तदान से दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी एवं शल्य चिकित्सा के दौरान मरीजों की जान बचाई जा सकती है। इसी प्रकार नेत्रदान से दृष्टिहीन व्यक्तियों को रोशनी मिल सकती है। किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके नेत्र दान किए जाने पर दो व्यक्तियों को दृष्टि प्रदान की जा सकती है। यह समाज के प्रति एक अमूल्य योगदान है। देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। देहदान से मेडिकल विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों को मानव शरीर की संरचना एवं विभिन्न रोगों के अध्ययन में सहायता मिलती है, जिससे भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
सभी नागरिकों से अपील है कि वे रक्तदान, नेत्रदान एवं देहदान के प्रति जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। आपका एक छोटा-सा संकल्प किसी के जीवन में नई आशा, नई रोशनी और नया जीवन ला सकता है। संदेश के रूप में रक्तदान से जीवन बचाएं, नेत्रदान से रोशनी फैलाएं और देहदान से चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाएं।      

ःः000ःः

अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न

- योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने दिए गए निर्देश


दुर्ग 22 सितंबर 2026/ जिला कार्यालय के सभा कक्ष में विगत दिवस जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, अनुविभागीय अधिकारी पाटन श्री उत्तम कुमार ध्रुव, अनुविभागीय अधिकारी धमधा श्री लवकेश कुमार ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री अविनाश श्रीवास सहित जिले के समस्त विभागों के अधिकारीगण एवं जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं में अल्पसंख्यक वर्गों की भागीदारी और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, स्कॉलरशिप, पीएम आवास योजना तथा राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं पर समिति के सदस्यों के साथ गहन चर्चा की गई। अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समय पर और पूरा लाभ मिल सके।  

::000::

केंद्रीय जेल दुर्ग में खुली जेल का शुभारंभ, 50 बंदी होंगे लाभान्वित

दुर्ग, 22 सितम्बर 2026/ प्रदेश में पहली बार अभिनव पहल करते हुए केंद्रीय जेल दुर्ग में 22 सितंबर 2026 को डीजी जेल श्री हिमांशु गुप्ता के कर कमलों से 'खुली जेल' (ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूट या ओसीआई) का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक श्री मनीष संभाकर सहित जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  केन्द्रीय जेल दुर्ग के जेल अधीक्षक से मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग जेल में उपलब्ध मौजूदा अधोसंरचना का उपयोग करके शुरू की गई इस खुली जेल में कुल 50 बंदियों को रखा जाएगा। इस व्यवस्था के तहत बंदी सुबह विभिन्न कार्यों के निष्पादन हेतु जेल परिसर से बाहर जाएंगे और शाम को अपना कार्य पूर्ण कर वापस लॉकअप होने से पूर्व जेल लौट आएंगे। उल्लेखनीय है कि सुधारत्मक प्रशासन की दिशा में राज्य में यह अपनी तरह का पहला एवं अनूठा प्रयास है।  

::000::
Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने