PRORJN_08_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

PRORJN_08_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
सेवा संकल्प अभियान
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में पोषण जागरूकता, मातृ संवाद एवं विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का किया गया सम्मान
- हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण
राजनांदगांव 08 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छुरिया विकासखंड के ग्राम सोनवानीटोला स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा, ग्राम पंचायत के सरपंच श्री सुनील मंडावी सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती मरकाम ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं पोषण थाली का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं को दैनिक आहार में पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मातृ संवाद का आयोजन कर माताओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, देखभाल एवं स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मटका फोड़ सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को उनके द्वारा महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान अंतर्गत उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं पोषण संवर्धन का संदेश दिया गया। साथ ही मुनगा के पोषण संबंधी महत्व के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पटेल, ग्राम पंचायत के पंचगण, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
क्रमांक 78 -----------------------
सेवा की कहानी
कभी कच्चे मकान में गुजरता था जीवन, आज पक्के घर में सूरज की रोशनी से खुशियां हुईं दोगुनी
- प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का आशियाना
- पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बिजली बिल हुआ शून्य
- जमुना बाई को हर माह लगभग एक हजार रूपए की बचत, सालभर में करीब 12 हजार रूपए की राहत
राजनांदगांव 08 अक्टूबर 2026। कभी कच्चे मकान में रहने वाली डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम दर्री निवासी श्रीमती जमुना बाई कौशिक के लिए पक्का घर बनाना एक सपना था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने उनके इस सपने को साकार किया। अब इसी पक्के आशियाने की छत पर लगा सोलर पैनल उनके जीवन में खुशियों की नई रोशनी बिखेर रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जहां उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है, वहीं हर माह होने वाली बचत से परिवार को आर्थिक राहत भी मिल रही है। शासन की दो महत्वपूर्ण योजनाओं ने जमुना बाई के जीवन में दोहरी खुशहाली लाई है।
श्रीमती जमुना बाई बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पक्का मकान बनने से परिवार को सुरक्षित और बेहतर आवास मिला। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेते हुए अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया। उन्होंने बताया कि केन्द्र शासन से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन से 30 हजार रूपए कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी समय पर मिलने से सोलर पैनल लगवाना आसान हुआ। सोलर पैनल लगाने से पहले उनके घर का औसतन बिजली बिल लगभग एक हजार रूपए प्रतिमाह आता था। अब सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरतें पूरी होने के कारण बिजली बिल शून्य हो गया है। इससे प्रतिमाह लगभग एक हजार रूपए और सालभर में करीब 12 हजार रूपए की बचत हो रही है। अपने जीवन में आए इस बदलाव से खुश श्रीमती जमुना बाई कहती हैं कि पहले उनका घर कच्चा था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का मकान बन गया। इसके बाद प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से सोलर पैनल लगवाया और अब बिजली बिल भी शून्य हो गया है। उन्होंने पक्का आवास और बिजली के खर्च से राहत मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया को धन्यवाद दिया।
श्रीमती जमुना बाई की कहानी केवल पक्का मकान मिलने और बिजली बिल की बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव की मिसाल है। कभी कच्चे मकान में रहने वाला परिवार आज अपने पक्के आशियाने में सौर ऊर्जा का लाभ उठा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने जहां सिर पर पक्की छत दी, वहीं प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने बिजली के खर्च से राहत दिलाकर परिवार की खुशियां दोगुनी कर दी हैं।
क्रमांक 79 -----------------
टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत जोश टीम का हुआ वर्चअल शुभांरभ
राजनांदगांव 08 अक्टूबर 2026। केन्द्रीय मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग श्री जेपी नड्डा द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर जोश टीम (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) का वर्चुअल शुभारंभ नई दिल्ली से किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कलेक्टोरेट सभाकक्ष राजनांदगांव से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। कार्यक्रम में टीबी मुक्त पंचायत भाठागांव, सुंदरा, नवागांव, तुमडीलेवा, जंगलपुर, कोटासरार के संरपचों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदाय सम्मानित किया गया। 6 टीबी मरीजों को निक्षय मित्र के तहत फूड बास्केट वितरित किया गया। टीबी मरीजों हेतु निक्षय मित्र बनकर पोषण आहार वितरण करने वाले एनजीओ सृजन सामाजिक संस्था के श्री शरद श्रीवास्तव, आईबी ग्रुप की सीएसआर पहल को 130 निक्षय मित्र बनाये जाने पर तथा जिला दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्री अतुल जैन को निक्षय मित्र सम्मान पत्र प्रदाय किया गया। कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत की प्रतिज्ञा ली गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जोश टीम द्वारा समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से टीबी की शीघ्र पहचान, जांच, उपचार एवं उपचार पूर्णता को प्रभावी बनाना, टीबी के संभावित मरीजों को घर एवं समुदाय स्तर पर चिन्हित कर शीघ्र जांच एवं उपचार से जोडऩा, उपचार के दौरान मरीजों को आवश्यक सहयोग एवं फालो-अप प्रदान करना, टीबी मरीजों हेतु नये निक्षय मित्र बनाने में सहयोग करना एवं टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण करने में सहयोग किया जाएगा। टीबी मुक्त भारत अभियान में जोशी की टीम, एनसीसी कैडेट तथा माई भारत वालेंटियर निर्धारित रूट चार्ट एवं लक्ष्य अनुरूप पायलट ग्राम डोंगरगांव विकासखंड के करमतरा, राजनांदगांव विकासखंड के खैरझिटी एवं बुन्देलीकला, छुरिया विकासखंड के मासुल, डोंगरगढ़ विकासखंड के मुसराकला में टीबी उन्मुलन हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नुक्कड नाटक द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी जाएगी। कार्यक्रम में सभापति श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, उपसंचालक पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जिला आयुर्वेद अधिकारी, जिला क्षय अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला युथ ऑफिसर तथा एनसीसी के कैडेटे, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं माई भारत वालेंटियर और जोश की टीम उपस्थित थे।  
क्रमांक 80 -----------------------
राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक
राजनांदगांव 08 अक्टूबर 2026। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा पंडित किशोरी लाल शुक्ल विधि महाविद्यालय राजनांदगांव में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर औषधि निरीक्षक श्री प्रवीण कुमार चौबे, श्री नवीन कुमार बघेल एवं श्रीमती आस्था वर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने प्रतिजैविक औषधियों के अनावश्यक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों तथा तम्बाकू उत्पादों के सेवन से स्वास्थ्य पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे एवं तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। इस दौरान विद्यार्थियों ने तम्बाकू एवं नशे से दूर रहने तथा लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
क्रमांक 81 -----------------------
26 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों में तैयारियों की समीक्षा की गई
- समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरा करने के दिए गए निर्देश
राजनांदगांव 08 अक्टूबर 2026। शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को धान विक्रय के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराने राजनांदगांव जिले में 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्र स्वीकृत किए गए है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार स्वीकृत 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी प्रारंभ करने की तैयारियों के संबंध में जिला कार्यालय राजनांदगांव में नवीन धान उपार्जन केन्द्रों के प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवीन धान उपार्जन केन्द्रों के प्रभारियों से केन्द्रवार तैयारियों की जानकारी ली गई।
बैठक में नवीन धान उपार्जन केन्द्रों के लिए स्थल चयन, कम्प्यूटर, प्रिंटर एवं अन्य आवश्यक तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता, हमाल व्यवस्था तथा धान खरीदी के लिए आवश्यक अन्य प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा की गई। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित केन्द्र प्रभारियों को धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक केन्द्र पर आवश्यक मानव संसाधन एवं तकनीकी सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहें। किसी भी प्रकार की कमी या समस्या सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए, जिससे उसका समय रहते निराकरण किया जा सके। बैठक में खाद्य अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, जिला विपणन अधिकारी तथा सभी 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों के प्रभारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को सुगम, पारदर्शी, व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे है। जिले में 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्रों के प्रारंभ होने से संबंधित क्षेत्रों के किसानों को धान विक्रय के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें अपने क्षेत्र के निकट ही उपार्जन की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों के समय एवं श्रम की बचत के साथ धान उपार्जन व्यवस्था को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। जिले के राजनांदगांव, डोंगरगांव, डोंगरगढ़, एवं छुरिया विकासखंडों में कुल 26 नवीन धान उपार्जन केन्द्र स्वीकृत किए गए हैं। इनमें राजनांदगांव विकासखंड के धर्मापुर, बोइरडीह, मासुल, चंवरढाल, नवागांव, खैरझिटी एवं आरला, डोंगरगांव विकासखंड के हरदी, बम्हनीभांठा, मचानपार, मोहड़, आसरा एवं बुद्धूभरदा बनहरदी, केसला, छुरिया विकासखंड के बूचाटोला एवं घुपसाल, डोंगरगढ़ विकासखंड के पिपरिया, कुरूभाठ, मुढिय़ा, रूवांतला, खुड़मुड़ी, सीतागोटा, झंडातलाव, कारूटोला, पीपरखार कला एवं भानपुरी (मुसरा) शामिल हैं।
क्रमांक 82 -----------------------


Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने