PRORJN_14_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

PRORJN_14_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
सेवा की कहानी
महतारी सदन से महिलाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
- ग्राम सोमनी में 24 लाख 70 हजार रूपए की लागत से महतारी सदन बनकर तैयार
- मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना से महिला सशक्तिकरण को मिला नया आधार
- स्व-सहायता समूहों की बैठकों, आजीविका प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार गतिविधियों के लिए उपलब्ध होगा सर्वसुविधायुक्त भवन
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सोमनी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत 24 लाख 70 हजार रूपए की लागत से महतारी सदन का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। नवनिर्मित महतारी सदन गांव की महिलाओं के लिए उम्मीदों और नई संभावनाओं का प्रतीक बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को संगठित करने, उनके कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत महतारी सदन का निर्माण पूर्ण होने से ग्राम सोमनी में महिला स्व-सहायता समूहों एवं ग्रामीण महिलाओं के लिए एक स्थायी भवन तैयार हो गया है। इसके शुरू होने पर महिलाओं को सामूहिक बैठकों, आजीविका संबंधी प्रशिक्षण, स्वरोजगार गतिविधियों एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो सकेगा। इससे महिलाओं को एकजुट होकर अपनी आर्थिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिलेगा।
आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद बना महतारी सदन -
ग्राम सोमनी की महिलाओं के लिए नवनिर्मित महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की उनकी आकांक्षाओं को नई दिशा देने वाली पहल है। घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपने हुनर को पहचान दिलाने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की इच्छा रखने वाली महिलाओं के लिए यह सदन भविष्य में उपयोगी साबित होगा। यहां महिला स्व-सहायता समूहों को बचत, स्वरोजगार, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियां संचालित करने के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता तथा सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी स्थान उपलब्ध होगा।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि -
ग्राम सोमनी में महतारी सदन का निर्माण पूर्ण होना ग्रामीण अधोसंरचना विकास के साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भवन के संचालन से महिलाओं के बीच आपसी सहयोग, सामूहिक निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह सदन महिलाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, नए कौशल सीखने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढऩे के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा। शासन की इस पहल से ग्राम सोमनी में महिलाओं के स्वावलंबन और सामुदायिक विकास की मजबूत आधारशिला तैयार हुई है। नवनिर्मित महतारी सदन आने वाले समय में महिलाओं की एकजुटता, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन सकेगा।
क्रमांक 138 -----------------
राज्यपाल श्री रमेन डेका 15 अक्टूबर को जिले के प्रवास पर
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। राज्यपाल श्री रमेन डेका 15 अक्टूबर 2026 को राजनांदगांव प्रवास पर रहेंगे। राज्यपाल श्री रमेन डेका 15 अक्टूबर को शाम 5 बजे लोक भवन रायपुर से कार द्वारा प्रस्थान कर शाम 7 बजे विश्राम भवन राजनांदगांव पहुंचेंगे एवं समय आरक्षित रहेगा। राज्यपाल श्री रमेन डेका रात्रि 8 बजे विश्राम भवन से कार द्वारा प्रस्थान कर रात्रि 8.05 बजे दिग्विजय स्टेडियम पहुंचकर राग नांदगांव कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्यपाल श्री रमेन डेका रात्रि 9.15 बजे दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव से कार द्वारा लोक भवन रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
क्रमांक 139 -----------------
सेवा की कहानी
उन्नत उपकरण सहायता योजना के तहत नए उन्नत करघे मिलने से टोकेश्वरी साहू को बुनाई कार्य में मिली सहूलियत
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। हाथकरघा विभाग द्वारा संचालित उन्नत उपकरण सहायता योजना पारंपरिक बुनकरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके कार्य को आसान बनाने और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक साबित हो रही है। उन्नत उपकरण सहायता योजना के तहत बुनकरों को नए उन्नत करघे एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराया जा रहा है। जिससे बुनकरों को पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। उन्नत उपकरण सहायता योजना से राजनांदगांव शहर के गायत्री नगर वार्ड क्रमांक 13 की निवासी एवं आशा नगर उप समिति की सदस्य श्रीमती टोकेश्वरी साहू लाभान्वित हुई हैं। उन्हें पहले लकड़ी की मशीन से कार्य करना पड़ता था, जिससे कार्य के दौरान कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्हें उन्नत उपकरण सहायता योजना के तहत लोहे की मशीन उपलब्ध हुई है। जिससे उनके कार्य को बेहतर ढंग से करने में मदद मिल रही है। उन्नत उपकरण मिलने से उनके कार्य में सुविधा हो रही है तथा उत्पादन को बेहतर बनाने का अवसर मिला है। उन्नत उपकरण सहायता योजना पारंपरिक बुनकरों को प्रोत्साहित करने, उनके कार्य को सुविधाजनक बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। श्रीमती टोकेश्वरी साहू ने उन्नत उपकरण सहायता योजना के तहत नये उन्नत करघे एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया है।
क्रमांक 140 -----------------
सेवा की कहानी
पक्का यात्री शेड निर्माण से पदयात्रियों की राह हुई आसान
- 31 लाख 32 हजार रूपए की लागत से बना पक्का यात्री शेड
- डोंगरगढ़ के भानपुरी में पदयात्रियों को धूप, बारिश और प्रतिकूल मौसम से मिल रही राहत
- डीएमएफ  मद से निर्मित यात्री शेड से श्रद्धालुओं की यात्रा हो रही सुरक्षित और सुविधाजनक
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। आस्था और विश्वास के साथ मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ पहुंचने वाले हजारों पदयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम भानपुरी में पदयात्री मार्ग पर 31 लाख 32 हजार रूपए की लागत से पक्का यात्री शेड का निर्माण किया गया है। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत यह निर्माण कार्य श्रद्धालुओं को धूप, बारिश और प्रतिकूल मौसम से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। विशेषकर नवरात्र पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज के क्षेत्रों से पैदल यात्रा कर माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लंबी दूरी तय करने वाले पदयात्रियों को रास्ते में विश्राम करने तथा धूप और बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थान की आवश्यकता होती है। श्रद्धालुओं की इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ग्राम भानपुरी में पदयात्री मार्ग पर यात्री शेड का निर्माण किया गया है। नवनिर्मित यात्री शेड से पदयात्रियों को यात्रा के दौरान रूकने और विश्राम करने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो रहा है। विशेषकर बुजुर्ग श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बच्चों को इससे राहत मिल रही है। तेज धूप और बारिश के दौरान यात्री शेड सुरक्षित आश्रय प्रदान कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और आरामदायक हो रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा जनसुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी दिशा में जिला प्रशासन द्वारा डीएमएफ मद का उपयोग जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों में किया जा रहा है। ग्राम भानपुरी में निर्मित पक्का यात्री शेड का निर्माण किया गया है। 31 लाख 32 हजार रूपए की लागत से निर्मित यह यात्री शेड केवल एक अधोसंरचना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा के प्रति शासन की संवेदनशील पहल है। इससे नवरात्र पर्व सहित अन्य अवसरों पर डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों को सुविधा मिल रही है।
क्रमांक 141 -----------------
सेवा की कहानी
सियान जतन क्लिनिक से लोचन सिंह को उंगलियों के दर्द में मिली राहत
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। आयुष विभाग द्वारा संचालित सियान जतन क्लिनिक वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शाबित हो रही है। सियान जतन क्लिनिक अंतर्गत शासकीय होम्योपैथी औषधालय डोंगरगढ़ में उपचार एवं परामर्श की सुविधा का लाभ लेकर डोंगरगढ़ निवासी 74 वर्षीय श्री लोचन सिंह को उंगलियों के दर्द में काफी राहत मिली है। श्री लोचन सिंह ने बताया कि पहले उनकी उंगलियों में काफी दर्द होता था। दर्द इतना अधिक रहता था कि राहत पाने के लिए अपनी उंगलियों को बार-बार दबाना पड़ता था। इससे कुछ समय के लिए आराम मिलता था, लेकिन परेशानी बनी रहती थी। सियान जतन क्लिनिक शासकीय होम्योपैथी औषधालय डोंगरगढ़ में उपचार लेने और दवा का सेवन करने के बाद दर्द में काफी सुधार महसूस हुआ है। श्री लोचन सिंह को अब पहले की तरह दर्द से राहत पाने के लिए उंगलियों को बार-बार दबाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वर्तमान में हल्का-फुल्का दर्द बना हुआ है, लेकिन उन्हें लगभग 90 प्रतिशत तक राहत महसूस हो रही है। श्री लोचन सिंह ने बताया कि उपचार के बाद उनकी परेशानी में काफी कमी आई है, जिससे उन्हें राहत मिली है। सियान जतन क्लिनिक के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए उपचार एवं परामर्श की सुविधा मिल रही है। जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया है।
क्रमांक 142 -----------------
 सेवा की कहानी
आयुष्मान कार्ड से शीतल प्रसाद गेंड्रे को मिला नि:शुल्क उपचार
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार के दौरान परिवारों पर पडऩे वाला आर्थिक बोझ कम हो रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र नागरिकों को समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
राजनांदगांव विकासखंड के ग्र्राम भोथीपार खुर्द निवासी श्री शीतल प्रसाद गेंड्रे पिछले एक वर्ष से पैरोटाइट ईस्टर की बीमारी से पीडि़त थे। बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर राजनांदगांव जिले के निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां आयुष्मान कार्ड से उपचार किया गया। श्री शीतल प्रसाद गेंड्रे ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान कोई राशि खर्च नहीं करनी पड़ी। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलने से आर्थिक राहत मिली है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से उपचार का खर्च उठाना कठिन होता। आयुष्मान कार्ड  के माध्यम से मिल रही स्वास्थ्य सुविधा उनके लिए काफी मददगार मिली है। श्री शीतल प्रसाद गेंड्रे ने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्रमांक 143 -----------------
प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु चतुर्थ काउंसलिंग 16 अक्टूबर को
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 में प्रयास आवासीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चतुर्थ काउंसलिंग 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 10.30 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास इन्द्रावती भवन नवा रायपुर अटल नगर ब्लॉक 5 तृतीय तल हॉल नम्बर 4 में आयोजित किया गया है। राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात विभागीय वेबसाईट https://eklavya.cg.nic.in पर 228 रिक्त सीट के आधार पर चतुर्थ ओपन काउंसलिंग आयोजित की गई है। विद्यार्थियों को अनिवार्य एवं आवश्यक दस्तावेज के साथ काउंसलिंग तिथि को निर्धारित स्थल में उपस्थित होने कहा गया है।
जिसमें कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) उत्तीर्ण अंक सूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीडि़त प्रमाण पत्र, 10 रूपए के नान ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर अल्पसंख्यक वर्ग अन्तर्गत होने संबंधी नोटरी का सत्यापन प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र तथा विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को कांउसलिंग की तिथि को दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे होने, अनाथ बच्चे होने, विधवा माता के बच्चे होने, परित्यक्ता महिला के बच्चे होने, देश की रक्षा करते हुए या अपने कर्तव्य निर्वहन करते समय पुलिस, अद्र्धसैनिक, सशस्त्र बल, शहीद सैनिक के बच्चे होने का प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है। काउंसलिंग पश्चात संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता होने पर 2 दिवस के भीतर अनिवार्यत: जिला शिक्षा अधिकारी से काउन्टर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र एवं जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
क्रमांक 144 -----------------
नि:शुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने 22 अक्टूबर को शिविर का आयोजन
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडिप योजना अंतर्गत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण प्रदाय करने के लिए परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक शासकीय बौद्धिक मंद बालक-बालिकाओं का विशेष विद्यालय 18 एकड़ पुलिस लाईन के पास जीई रोड राजनांदगांव में शिविर का आयोजन किया जाएगा। नि:शुल्क सहायक उपकरण के लिए पात्र हितग्राहियों को आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य है। शिविर के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है।
क्रमांक 145 -----------------
Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने