PRORJN_27_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

PRORJN_27_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्य
- शहर के प्रमुख स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था, बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, यातायात व्यवस्था को सुगम करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत घुमंतू मवेशियों की धरपकड़, सड़कों की मरम्मत, अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, नियमित साफ-सफाई एवं उद्यानों के जीर्णोद्धार की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घुमंतू मवेशियों की धरपकड़ के लिए दिन एवं रात दो पालियों में कार्रवाई
नगर निगम द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए घुमंतू मवेशियों की धरपकड़ का अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए गठित टीम द्वारा दिन एवं रात दो पालियों में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सड़कों पर बैठे मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा जा रहा है। रात्रि में मवेशियों को सड़कों से हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है। इसी प्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग पर मवेशियों की धरपकड़ एवं उन्हें हटाने के लिए संबंधित विभाग द्वारा टीम गठित की गई है। सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी लगाई जा रही है। पशुपालकों को अपने मवेशियों को बांधकर रखने तथा सड़कों पर नहीं छोडऩे की सख्त हिदायत दी जा रही है।
यातायात व्यवस्था सुधारने अस्थायी पार्किंग की सुविधा
शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम एवं यातायात विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों में दुकानदारों को दुकानों की निर्धारित सीमा के भीतर सामान रखने तथा पार्किंग स्थलों को खाली रखने की समझाइश दी जा रही है। यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है। नागरिकों की सुविधा के लिए म्युनिसिपल स्कूल, पुत्री शाला के पास, फ्लाईओवर के नीचे एवं गंज चौक सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। इसके अलावा प्राप्त शिकायतों के आधार पर समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं डामरीकरण की तैयारी
नगर निगम द्वारा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई शहर की सड़कों की मरम्मत के लिए पैचवर्क का कार्य किया जा रहा है। सड़कों पर बने गड्ढों को भरकर आवागमन सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। खराब डामरीकरण कार्य के संबंध में संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों के डामरीकरण के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। डामरीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। इसी प्रकार अंडरब्रिज के पास की सड़कों की मरम्मत लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई जाएगी। वार्ड क्रमांक 24 सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढों को पैचवर्क के माध्यम से दुरुस्त किया जाएगा।
शहर में नियमित साफ-सफाई एवं कचरा उठाव का कार्य जारी
नगर निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में प्रतिदिन साफ-सफाई एवं कचरा उठाव का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही नालियों की नियमित सफाई भी की जा रही है। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित ठेकेदारों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है तथा लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाती है। सफाई कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के कारण कर्मचारियों की कमी से कुछ कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। इसके बावजूद उपलब्ध संसाधनों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक 24 में भी नियमित साफ-सफाई की जा रही है। गांधी चौक स्थित कुएं के पास कचरा डाले जाने से उत्पन्न गंदगी की सफाई कराई जा रही है।
शहर के उद्यानों का होगा जीर्णोद्धार
नगर निगम द्वारा शहर के उद्यानों के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सर्विस रोड के किनारे स्थित उद्यान का शीघ्र जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही उद्यान की क्षतिग्रस्त फेंसिंग को भी दुरूस्त कराया जाएगा। इसके अलावा कलेक्टोरेट उद्यान के जीर्णोद्धार का भी प्रावधान किया गया है। इन कार्यों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा।
बसंतपुर रोड में पाइपलाइन परीक्षण के बाद किया जाएगा समतलीकरण
शहर के हाट बाजार के पास बसंतपुर रोड में पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के कारण बारिश के दौरान कीचड़ की स्थिति निर्मित हुई है। पाइपलाइन का परीक्षण पूर्ण होने के पश्चात खोदे गए स्थानों पर भराव कर समतलीकरण किया जाएगा, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए की गई थी आवश्यक व्यवस्था
नगर निगम द्वारा दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 19 एवं 20 अक्टूबर को अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। विसर्जन से पूर्व मोहारा स्थित विसर्जन कुंड की साफ-सफाई कराई गई थी। इसके अलावा दुर्गोत्सव समितियों को पूजा-अर्चना एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान पॉलीथिन तथा प्लास्टिक सामग्री का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई थी। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए समितियों को इसके स्थान पर गुलाब एवं गेंदे की फूल-पंखुडिय़ों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया था।
गौरीनगर में अवैध मांस विक्रय की शिकायत पर अतिक्रमित ठेला हटाया गया
शहर के गौरीनगर क्षेत्र में गौ-हत्या एवं गौमांस विक्रय के मामले में पुलिस द्वारा 11 आरोपियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की गई थी। इसके पश्चात एक आरोपी द्वारा अवैध रूप से मांस विक्रय किए जाने की शिकायत मिलने पर नगर निगम द्वारा संबंधित व्यक्ति का अतिक्रमित ठेला हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी के मकान को तोडऩे की मांग के संबंध में महापौर द्वारा नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने की समझाइश दी गई।
क्रमांक 226 -----------------
नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन के लिए लायजन अधिकारी नियुक्त
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के आदेशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जितेन्द्र यादव ने नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन 2026 के लिए जिले में नियुक्त प्रेक्षक अपर कलेक्टर जिला मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी की आवश्यक व्यवस्था एवं समन्वय हेतु जिला पंचायत राजनांदगांव के सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी श्री पुरुषोत्तम तरार को लायजन अधिकारी नियुक्त किया है।
क्रमांक 227 -----------------
आपदा प्रभावितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने दैवीय विपत्तियों के संबंध में राहत मद अंतर्गत छुरिया एवं राजनांदगांव तहसील के आपदा प्रभावितों एवं उनके आश्रितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। छुरिया तहसील अंतर्गत अतिवृष्टि व अधिक वर्षा से 10 मकान पूर्णत: क्षति होने पर 12 लाख रूपए एवं तालाब के पानी में डूबने से जनहानि होने पर 4 लाख रूपए तथा राजनांदगांव तहसील अंतर्गत अतिवृष्टि व अधिक वर्षा से 2 मकान पूर्णत: क्षति होने पर 2 लाख 40 हजार रूपए एवं तालाब के पानी में डूबने से जनहानि होने पर 4 लाख रूपए की सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की है। संबंधित तहसीलदारों को सहायता अनुदान राशि भुगतान हेतु उपलब्ध कराया गया है।
क्रमांक 228 -----------------
26वीं राज्य स्तरीय शालेय कीड़ा प्रतियोगिता-2026
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 26 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए व्हालीबॉल प्रतियोगिता अंतर्गत 19 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर विरूद्ध बस्तर संभाग के मध्य खेले गए मैच में रायपुर विजेता रहा। दुर्ग विरूद्ध सरगुजा के मध्य खेले गए मैच में दुर्ग विजेता रहा। वहीं बिलासपुर विरूद्ध रायपुर के मैच में रायपुर विजेता बना। प्रतियोगिता के एक अन्य मैच में दुर्ग विरूद्ध बस्तर के मैच में दुर्ग संभाग विजेता रहा। वहीं सरगुजा विरूद्ध रायपुर संभाग के मैच में रायपुर विजयी रहा। दुर्ग विरूद्ध बिलासपुर के खेले गए मैच मे दुर्ग विजेता रहा। सरगुजा विरूद्ध बस्तर के मैच में बस्तर विजेता बना। सरगुजा विरूद्ध बिलासपुर के मध्य खेले गए मैच मे बिलासपुर संभाग विजेता रहा। इसी प्रकार दुर्ग विरूद्ध रायपुर के मध्य खेले गए मैच में रायपुर विजेता बना।
प्रतियोगिता में व्हालीबॉल बालिका 19 वर्ग में रायपुर विरूद्ध बस्तर के मैच में रायपुर संभाग ने बाजी मारी। वहीं दुर्ग विरूद्ध सरगुजा के मैच में दुर्ग संभाग ने अपना मैच जीता। रायपुर विरूद्ध बिलासपुर के एक अन्य मैच में रायपुर विजयी रहा। दुर्ग विरूद्ध बस्तर के बालक वर्ग में दुर्ग संभाग ने अपना मैच जीत। वहीं सरगुजा विरूद्ध रायपुर के मैच में रायपुर विजयी रहा। सरगुजा और बस्तर के मैच में बस्तर विजेता रहा। वहीं दुर्ग विरूद्ध बिलासपुर के मैच में दुर्ग ने बाजी मार ली। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में रायपुर विरूद्ध दुर्ग संभाग के मध्य खेले गए रोमांचक मैच में रायपुर विजेता रहा।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन नवागांव मिनी स्टेडियम में खेले जा रहे क्रिकेट प्रतियोगिता में बालक 17 वर्ष में दुर्ग विरूद्ध बस्तर संभाग के मध्य खेले बेहद रोमांचक मैच टाई रहा। मैच का परिणाम सुपर ओवर के माध्यम से किया गया। जिसमें बस्तर विजयी रहा। वहीं रायपुर विरूद्ध बिलासपुर के मैच में रायपुर विजेता बना। दुर्ग विरूद्ध सरगुजा के मध्य खेले गए एक अन्य मैच में दुर्ग ने अपना मैच जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। दुर्ग विरूद्ध सरगुजा के मध्य खेले गए मैच में सरगुजा पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों मे 101 रन बनाकर ऑल-ऑउट हो गई। मैच में दुर्ग की ओर से कुणाल कश्यप ने 3 विकेट झटक लिए। वहीं गौरव और अंशु ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दुर्ग संभाग ने 13 ओवरों में 102 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। दुर्ग की ओर से वशी ने 36 और खिलेश ने 33 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्पर्धा में 19 वर्ष क्रिकेट प्रतियोगिता में दुर्ग और रायपुर के मध्य खेला गए मैच में रायपुर विजेता रहा। वहीं दूसरें मैच में बस्तर विरूद्ध बिलासपुर के मध्य खेला गया रोमांचक मैच में बिलासपुर संभाग विजेता बना।
क्रमांक 229 -----------------
संशोधित न्यूनतम वेतन दरे जारी
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। राज्य शासन द्वारा न्यूनतम वेतन एवं परिवर्तनशील महंगाई भत्ता का निर्धारण किया गया है। जिसके अनुकरण में कार्यालय सहायक श्रमायुक्त द्वारा दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन तथा परिवर्तनशील महंगाई भत्ते की दरें जारी की गई है। संशोधित वेतन दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक के लिए प्रभावशील रहेगी। सहायक श्रमायुक्त द्वारा जिले के सभी शासकीय विभागों, संस्थानों, नियोजकों एवं प्रबंधकों को अपने अधीन कार्यरत श्रमिकों एवं कर्मचारियों को जारी पुनरीक्षित दरों के तहत भत्ते सहित वेतन व मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने कहा गया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यालय सहायक श्रमायुक्त से प्राप्त की जा सकती है।
क्रमांक 230 -----------------
कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी द्वारा वर्षा पूर्वानुमान के दृष्टिगत किसानों को दी गई मौसम आधारित विशेष कृषि सलाह
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती गतिविधियों के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। चक्रवात के प्रभाव से हवा की गति 115 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक होने की आशंका व्यक्त की गई है। छत्तीसगढ़ में 25 अक्टूबर से वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को राजनांदगांव जिले सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी (64 से 115 मिमी) से अति भारी (115 से 204 मिमी) वर्षा हो सकती है। वर्षा के कारण रात्रि के तापमान में वृद्धि होने से आगामी कुछ दिनों तक ठंड का प्रभाव कम रहने की संभावना है।
कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी राजनांदगांव द्वारा वर्षा का पूर्वानुमान के दृष्टिगत किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह दी गई है। मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए किसान को धान, दलहन एवं तिलहन फसलों के पकने की अवस्था में होने पर आगामी 2-4 दिनों तक कटाई का कार्य स्थगित रखने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने फसलों की कटाई प्रारंभ कर दी है, वे कटी हुई फसलों को शीघ्र सुरक्षित एवं ढके हुए स्थानों पर रखें, ताकि वर्षा से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। खेतों में जलभराव की स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी की समुचित व्यवस्था शीघ्र करें। किसान अपनी फसलों की नियमित निगरानी करें। कीट एवं रोग के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उचित कीटनाशक अथवा कवकनाशक का प्रयोग करें। उतेरा फसल के रूप में तिवड़ा अथवा अलसी की बुवाई करने वाले किसान मौसम अनुकूल होने तक बुवाई स्थगित रखें। रबी मौसम की फसलों की बुवाई खेतों में पर्याप्त नमी की स्थिति एवं मौसम अनुकूल होने पर नवंबर माह के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ करें।
रबी मौसम की सब्जियों, जैसे फूलगोभी, ब्रोकली एवं चुकंदर तथा पछेती खीरा एवं करेला आदि की बुवाई नवंबर माह के प्रथम सप्ताह से मौसम एवं खेत की स्थिति अनुकूल होने पर प्रारंभ करें। चक्रवात के प्रभाव से तेज हवा एवं वर्षा की संभावना को देखते हुए करेला, लौकी तथा अन्य लतावर्गीय सब्जियों में उचित सहारा (स्टेकिंग) देने की व्यवस्था करें। जिन केले के पौधों में फूल एवं फल आ चुके हैं, उन्हें तेज हवा से गिरने से बचाने के लिए बांस अथवा अन्य उपयुक्त साधनों से सहारा दें। सब्जियों एवं फलदार पौधों में जलभराव न होने दें। खेतों से अतिरिक्त जल की निकासी की उचित व्यवस्था करें। फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करें। लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाएं।
आगामी दिनों में वर्षा एवं तेज हवा की संभावना को देखते हुए पशुओं को सूखे, सुरक्षित एवं हवादार पशुशेड में रखें। पशुशेड में वर्षा का पानी प्रवेश न करने दें तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें। वज्रपात की स्थिति में पशुओं को चराने के लिए खुले स्थानों पर न ले जाएं तथा पेड़ों के नीचे आश्रय न लें। पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में सूखे चारे, सुरक्षित पेयजल एवं आवश्यक आहार की व्यवस्था रखें। पशुओं को तेज हवा, जलभराव एवं प्रतिकूल मौसम से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतें।
कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी राजनांदगांव की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा ने जिले के समस्त किसान से मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों, सब्जियों, फलदार पौधों एवं पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। कटाई की गई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें, खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। किसी भी प्रकार की कृषि संबंधी समस्या होने पर कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी के वैज्ञानिकों से संपर्क कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते है।
क्रमांक 231 -----------------
सुरक्षित बचपन अभियान अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित हुए जागरूकता शिविर
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशन तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के मागदर्शन में सुरक्षित बचपन अभियान ए पैन इंडिया स्कूल अवेयरनेस कैंपेन ऑन द प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फाम सेक्सुअल ऑफेन्स एक्ट 2012 का प्रारंभ किया गया है। प्रधान एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय कुमार होता के निर्देशन में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। सुरक्षित बचपन अभियान के प्रथम चरण अंतर्गत 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विद्यालय में शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में सुरक्षित बचपन अभियान अंतर्गत 27 अक्टूबर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बजरंगपुर-नवागांव में विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी राजनांदगांव श्रीमती वंदना मंडावी तथा विधि सारथी श्री रवि पित्रोडा एवं श्री नितिन साहू वक्ता के रूप में उपस्थित रहें। न्यायाधीश श्रीमती मंडावी ने अपने वक्तव्य में नालसा द्वारा संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम 2012 के प्रावधानों को उद्धरित किया तथा प्रत्येक विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत सीमाओं एवं सुरक्षित व असुरक्षित व्यवहार की समझ होनी चाहिए। किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों या शिक्षकों को तुरंत सुचित करना चाहिए। वर्तमान समय में ऑनलाईन खतरों एवं साइबर अपराधों से खुद को सुरक्षित रखें। किसी भी गलत आचरण एवं उत्पीडऩ के खिलाफ तुरंत आवाज उठाएं , चुप नहीं बैठे। आपातकालीन स्थितियों में तुरंत विधिक सहायता नालसा हेल्प लाइन 15100 एवं चाईल्ड हेल्प लाइन 1098 में सम्पर्क करें।
शिविर में बच्चों को बताया गया कि अगर ऐसा कोई अनुचित व्यवहार आपके साथ किया जाता है तो तत्काल ही अपने माता-पिता को जानकारी दें, ताकि तात्कालिक रूप से उचित कार्रवाई की जा सके। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों के मन से इस डर को निकालना एवं विश्वास दिलाना है। कोई भी ऐसा सिक्रेट बात जो आपको डराती हो उसे छिपाना नहीं है। माता-पिता एवं शिक्षक हमेशा उनके साथ है। सुरक्षित बचपन अभियान के इसी अनुक्रम में जिले के न्याय मित्रों द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लिटिया, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सुकुलदैहान, कस्तूरबा हायर सेकेन्डरी स्कूल राजनांदगांव, शासकीय हायर सेकेन्डरी स्कूल पेण्ड्री, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला जंगलेशर, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोहड़ में भी व्यापक स्तर पर विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के मध्य पॉक्सो अधिनियम की जानकारी प्रदान करते हुए गुड टच व बैड टच के बीच के अंतर को स्पष्टकर बच्चों को जागरूक किया गया।
क्रमांक 232 -----------------
दिव्यांगजन छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
राजनांदगांव 27 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से कक्षा पहली से 12वीं तक अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राओं से छात्रवृत्ति हेतु 30 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित की गई है। छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले एनएसपी पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करना होगा। इसके बाद अप्लाई फॉर स्कोलरशिप विकल्प के माध्यम से लॉगिन कर आधार सत्यापन करना होगा तथा आवश्यक जानकारी भरकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। आवेदन के लिए मूल निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र एवं पिछले शैक्षणिक वर्ष की अंकसूची अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण होने के बाद आवेदन संबंधित विद्यालय की संस्था आईडी में प्राप्त होगा। विद्यालय के प्रधान पाठक अथवा प्राचार्य द्वारा आवेदन का सत्यापन कर उसे समाज कल्याण विभाग राजनांदगांव को भेजा जाएगा। इसके बाद विभाग द्वारा आवेदन राज्य स्तर पर अग्रेषित किए जाएंगे। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने पर छात्रवृत्ति की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय अथवा शैक्षणिक संस्था का एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं से छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अथवा अपने विद्यालय की सहायता से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए विद्यार्थी समाज कल्याण विभाग जिला राजनांदगांव संयुक्त कार्यालय भवन के कक्ष क्रमांक 05 में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 9109271129 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
क्रमांक 233 -----------------
Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने