नागपुर: भारतीय संविधान के निर्माता और समानता व न्याय के महान प्रचारक, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के प्रमुख संगठन नागपुर डिविजनल एलआईसी एम्प्लॉइज यूनियन द्वारा स्थानीय ओरिएंटल बिल्डिंग में प्याऊ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मंडल प्रबंधक प्रवीण निरंजन के शुभहस्ते उद्घाटन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रवीण निरंजन ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अंबेडकर जयंती समारोह सामाजिक जागरूकता और समानता के मूल्यों को प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी आयोजन है। उन्होंने संगठन द्वारा पिछले 40 वर्षों से किए जा रहे इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा भी की।
इस मौके पर वरिष्ठ मजदूर नेता रमेश पाटने, टी. के. चक्रवर्ती, अनिल ढोकपांडे तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष संदीप लातुरकर सहित अन्य वक्ताओं ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला और लोगों से अपील की कि वे केवल जयंती मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीमा कर्मचारी और पेंशनर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वाई.आर. राव ने किया, जबकि अभय पांडे ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन की सफलता में नरेंद्र उमाळे, दिनेश डोळस, अरविंद मानवटकर, विवेक जोशी, शुभांगी बर्वे, नरेश अडचुले, नलिनी धनविजय सहित कई लोगों ने सहयोग दिया।
