PRO Durg news & Story & Photo_ 23 Sitmber 2026_ File 01

PRO Durg news & Story & Photo_ 23 Sitmber 2026_ File 01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ.ग.)
समाचार

नामांतरण-बंटवारा से लेकर डिजिटल फसल सर्वे तक कलेक्टर ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा

- लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश


दुर्ग, 23 सितम्बर 2026/ जिला स्तरीय राजस्व समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने नामांतरण, फौती, बंटवारा, सीमांकन, धारणाधिकार, भूमि आवंटन और मुआवजा वितरण सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने समय-सीमा से बाहर लंबित फौती नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों की समीक्षा की। विभिन्न ग्राम पंचायतों में लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आवश्यक दस्तावेज और पटवारी प्रतिवेदन के बिना नामांतरण आदेश जारी किए जाने के मामले में संबंधित सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैंक में बंधक जमीनों से जुड़े बंटवारा और नामांतरण प्रकरणों में भी प्रक्रिया स्पष्ट करते हुए बैंक की अनापत्ति और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि पात्र मामलों में वारिसों के नाम दर्ज करने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। विवादित भूमि के मामलों को अविवादित प्रकरणों से अलग कर नियमानुसार विवादित पंजी में दर्ज करते हुए गुण-दोष के आधार पर सुनवाई पूरी करने को कहा गया।
स्वामित्व योजना के तहत तहसीलवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकार अभिलेखों के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए आगामी शिविरों में वितरण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण, एग्रीस्टैक पोर्टल तथा लंबित बकेट क्लेम प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य 30 सितंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। डीसीएस सर्वे कार्य की धीमी प्रगति वाले गांवों पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिन गांवों में सर्वे कार्य तेजी से पूरा हो रहा है, वहां उपलब्ध सर्वेयर को कम प्रगति वाले गांवों में लगाने को कहा।
प्रत्येक गांव की सर्वे प्रगति का व्यवस्थित दैनिक रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए। गांववार सूची में प्रत्येक दिन की प्रगति अलग-अलग दर्ज करने को कहा गया। सर्वे कार्य की प्रतिदिन नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच करने और दैनिक प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में धमधा और पाटन क्षेत्र के लंबित धारणाधिकार प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। धमधा और पाटन के 7-7 सहित कुल 14 प्रकरणों में देरी पर संबंधित एसडीएम को तहसीलदार और पटवारियों के माध्यम से खसरा-बी 1 एवं भूमि स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड की जांच शीघ्र पूरी कराने एवं उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर जांच प्रक्रिया में अनावश्यक रूप से समय नहीं लगाने के निर्देश दिए। कोटवारी भूमि विक्रय पर सिविल वाद दायर किए गए प्रकरणों की भी जानकारी ली।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, श्री विरेन्द्र सिंह, श्री हरवंश सिंह मिरी एवं श्रीमती सिल्ली थॉमस सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख एवं सभी सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख उपस्थित थे।

ःः000ःः

सेवा संकल्प अभियान -
 
अमृत सरोवरों में गूंजेगा स्वच्छता का संदेश, श्रमदान से संवरेगा गांवों का जल-सरोवर

- ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले  अभियान में अमृत सरोवर स्थलों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी


दुर्ग, 23 सितम्बर 2026/ स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने, जलस्रोतों के संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरणीय चेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले के अमृत सरोवर स्थलों पर स्वच्छता, सामूहिक श्रमदान, जल संरक्षण, पौधरोपण और जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान का मुख्य विषय “स्वच्छता में जनभागीदारी, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखा गया है। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री बजरंग कुमार दुबे के निर्देशन में ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अमृत सरोवरों को स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी सामुदायिक स्थलों के रूप में विकसित करने के साथ इनके नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया जाएगा।
अभियान के दौरान अमृत सरोवरों के साथ उनके आसपास के क्षेत्रों, पहुंच मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के लिए सामूहिक श्रमदान किया जाएगा। जल निकायों के पुनर्जीवन और संरक्षण से जुड़ी जनभागीदारी आधारित गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों में अपने गांव के जलस्रोतों के प्रति जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना को मजबूत किया जाएगा।

‘एक पेड़ मां के नाम’ से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्वच्छ किए गए अमृत सरोवर परिसरों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया जाएगा। जलस्रोतों के आसपास हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जलस्रोतों की सुरक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।

विद्यार्थी और युवा बनेंगे स्वच्छता के संदेशवाहक

‘स्वच्छ पाठशाला युवा फॉर स्वच्छता’ पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों और युवाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा। स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के तहत 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ पहल आयोजित की जाएगी। जिले के अमृत सरोवर स्थलों पर सामूहिक स्वैच्छिक श्रमदान एवं स्वच्छता गतिविधियां की जाएंगी। इसमें अधिक से अधिक ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 2 अक्टूबर, स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में अभियान की गतिविधियों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, अमृत सरोवरों की नियमित स्वच्छता एवं रखरखाव तथा जल संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य अमृत सरोवरों को केवल जल संग्रहण के स्थल तक सीमित न रखते हुए उन्हें जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के स्थायी केंद्र के रूप में विकसित करना है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से इन जलस्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और नियमित रखरखाव को निरंतर बनाए रखने की दिशा में भी ठोस पहल की जाएगी।

ःः000ःः

रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 7-8 अक्टूबर को, 8 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती

-रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर


दुर्ग, 23 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आगामी 07 और 08 अक्टूबर 2026 को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का विशाल आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस मेले को सफल बनाने और जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए दुर्ग जिला प्रशासन विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शासन के निर्देशानुसार, जिले के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अंतिम व्यक्ति तक इसकी जानकारी पहुँच सके।
इस राज्य स्तरीय रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के लगभग 8,000 से अधिक पदों पर भर्तियां की जाएंगी, जिनमें और भी वृद्धि होने की संभावना है। प्राप्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जिले के प्रमुख वृहद उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को भी इस मेले में शामिल होने तथा रिक्त पदों को भरने के लिए प्रोत्साहित करें। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी राज्य सरकार के अधिकृत पोर्टल [https://erojgar.cg.gov.in/](https://erojgar.cg.gov.in/) पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। आयोजन के दौरान पूर्व में आयोजित जिला एवं राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री के करकमलों से नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) भी प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की सूची 01 अक्टूबर 2026 तक तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के सभी शिक्षित एवं योग्य युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।  

::000::

स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026: ग्राम पंचायत बठेना में जन संवाद

- स्वच्छता, जल संरक्षण और कचरा प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प


दुर्ग, 23 सितम्बर 2026/ स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड पाटन के ग्राम पंचायत बठेना में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के अंतर्गत विशेष जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
जन संवाद के दौरान स्वच्छता, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों को पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा घर एवं आसपास के क्षेत्र में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक परिवार की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बने, तभी गांव को स्थायी रूप से स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में सरपंच सुश्री उनिका वर्मा एवं सचिव श्री विनय कुमार साहू की विशेष उपस्थिति रही। वहीं विकासखंड समन्वयक श्री नीलमणि चंदेल, ए.डी.ई.ओ. श्री रणजीत सिंह एवं संकुल समन्वयक श्री नरेश साहू ने ग्रामीणों को स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जल जीवन मिशन से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों ने गांव में स्वच्छता बनाए रखने, ओडीएफ प्लस की स्थिति को सुदृढ़ करने तथा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग कुमार दुबे के नेतृत्व में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना है। ग्राम पंचायत बठेना में आयोजित जन संवाद ने ग्रामीणों में स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूती प्रदान की।

ःः000ःः

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ.ग.)
सेवा की कहानी

सेवा के संकल्प के साथ राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना मुश्किल वक्त में पूर्णिमा को दिया संबल, 20 हजार रुपये की मिली आर्थिक मदद


दुर्ग, 23 सितंबर 2026/ प्रदेश भर में संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान जरूरतमंदों और असहाय परिवारों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। योजना के माध्यम से शासकीय सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुँचाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत मानिकचौरी की निवासी श्रीमती पूर्णिमा चंद्रवंशी, पति स्वर्गीय श्री कृष्ण कुमार, को उनके कठिन समय में शासन की ओर से त्वरित सहायता प्राप्त हुई है।
   श्रीमती पूर्णिमा चंद्रवंशी ने बताया कि पति के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो गई थी। संकट की इस घड़ी में जब उन्होंने ग्राम पंचायत को पति के निधन की सूचना दी, तो ग्राम पंचायत सचिव ने सेवा संकल्प की भावना से त्वरित कार्रवाई की। सचिव ने 2002-03 की बीपीएल सर्वे सूची का तत्काल अवलोकन किया, जिसमें परिवार का नाम गरीबी रेखा की सूची में दर्ज पाया गया। इसके बाद तुरंत प्रक्रिया पूरी करते हुए श्रीमती पूर्णिमा से राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का आवेदन फॉर्म भरवाया गया। प्रशासनिक तत्परता के चलते उनके सीधे बैंक खाते में 20,000 रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर कर दी गई। इस त्वरित वित्तीय संबल से परिवार को बेहद राहत मिली है। संकट के समय में मिली इस मदद पर बेहद खुशी जाहिर करते हुए श्रीमती पूर्णिमा चंद्रवंशी ने इस सेवा के लिए केन्द्र व राज्य सरकार का सहृदय आभार व्यक्त किया।

::000::

सेवा संकल्प अभियान के तहत सुशासन से आसान हुई राह

-श्री रोहित दास वैष्णव को महज 4 दिनों में मिला अनुज्ञप्ति लाइसेंस


दुर्ग, 23 सितंबर 2026/ प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ मिल रहा है। सुशासन की इस व्यवस्था ने नगर निगम और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को इतना सरल बना दिया है कि लोगों के वर्षों पुराने कार्य अब मिनटों और दिनों में पूर्ण हो रहे हैं। इसी कड़ी में दुर्ग जिले के निवासी श्री रोहित दास वैष्णव के लिए सेवा-सेतु केंद्र और डिजिटल व्यवस्था एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
    व्यावसायिक सुगमता और शासकीय सेवाओं की सहज उपलब्धता का प्रत्यक्ष उदाहरण पेश करते हुए श्री रोहित दास वैष्णव ने अपने अनुज्ञप्ति (ट्रेड/बिजनेस) लाइसेंस के लिए 27 अगस्त 2026 को ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया था। सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्रदान करने के प्रशासनिक संकल्प के चलते, उनके आवेदन का त्वरित सत्यापन किया गया और मात्र 4 दिनों के भीतर 31 अगस्त 2026 को उनका अनुज्ञप्ति लाइसेंस स्वीकृत कर जारी कर दिया गया। बिना किसी कार्यालयीन चक्कर और अनावश्यक कागजी कार्रवाई के इतनी शीघ्रता से लाइसेंस प्राप्त होने पर श्री रोहित दास वैष्णव ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार और सेवा-सेतु केंद्रों की सक्रियता से आम नागरिकों का समय और पैसा दोनों बच रहे हैं। त्वरित एवं सुगम सेवा प्रदान करने के लिए उन्होंने केंद्र और राज्य शासन के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।

::000::

सेवा के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा से संवरा देवंतिन का जीवन

-जर्जर मिट्टी के घर से पक्के आशियाने तक पहुँचा परिवार, मिली सुरक्षित छत और आर्थिक संबल


दुर्ग, 23 सितंबर 2026/ समाज के अंतिम व्यक्ति तक त्वरित राहत पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेवा संकल्प’ अभियान दुर्ग जिले के संकटग्रस्त परिवारों के लिए एक सशक्त आधार बन रहा है। योजनाओं के बेहतर समन्वय से जरूरतमंद और असहाय परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत दुर्ग की ग्राम पंचायत रिसामा निवासी श्रीमती देवंतिन (पति श्री रमेश) के जीवन में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण’ और ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना’ अब "व्हीबी जीरामजी" ने एक नई उम्मीद जगाई है।
    श्रीमती देवंतिन ने बताया कि सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए एक स्वप्न जैसा था। कभी 5 सदस्यों का उनका परिवार जर्जर मिट्टी के मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने के कारण घर के सामान को बचाना और बच्चों को संभालना एक बड़ी चुनौती बन जाता था। सेवा संकल्प की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक तत्परता दिखाते हुए उनके आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण की गई और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत उनका पक्का आवास स्वीकृत किया गया। आवास निर्माण के लिए उन्हें ₹1.20 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए मनरेगा के अंतर्गत 90 दिवस का रोजगार भी उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें ₹23,430 की मजदूरी भी प्राप्त हुई। रोजगार से मिली आय और पक्के आवास के सहयोग से आज देवंतिन का परिवार मजबूत दीवारों और सुरक्षित छत के नीचे सुकून का जीवन बिता रहा है। देवंतिन ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि अब बारिश में पानी टपकने का डर खत्म हो गया है और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है। उन्होंने संकट के समय में दोहरे संबल दिलाने वाली शासन-प्रशासन की इस संकल्पित सेवा भावना का सहृदय आभार व्यक्त किया।

::000::
Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने