PRORJN_19_SEPTEMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_01

PRORJN_19_SEPTEMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
सेवा संकल्प अभियान
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से राजकुमार बंजारे के घर रोशन हुआ आत्मनिर्भरता का उजाला
- सोलर पैनल से बिजली बिल लगभग शून्य, हर माह 1500 से 2000 रूपए की हो रही बचत
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम परिवारों के लिए बिजली खर्च कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। योजना से लाभान्वित होकर डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कातलवाही निवासी श्री राजकुमार बंजारे के परिवार को भी बिजली के बढ़ते खर्च से राहत मिली है। श्री राजकुमार बंजारे मेहनती किसान हैं और उनका परिवार खेती-मजदूरी पर निर्भर है। पहले उनके घर का हर महीने बिजली बिल लगभग 1500 से 2000 रूपए तक आता था। सीमित आय में बिजली बिल का यह खर्च परिवार के बजट को प्रभावित करता था। वे अक्सर सोचते थे कि बिजली के इस खर्च को कैसे कम किया जाए। इसी दौरान ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर एवं सूर्य सभा में उन्हें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। सूर्य सभा में उन्हें बताया गया कि योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए शासन द्वारा अनुदान दिया जा रहा है और बिजली बिल शून्य हो जाएगा। योजना की जानकारी मिलने के बाद श्री बंजारे ने बिना देर किए ऑनलाइन आवेदन किया। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें केन्द्र शासन से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन से 30 हजार रूपए कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में प्राप्त हुई। सोलर पैनल स्थापित होने के बाद अब उनके घर में दिन के समय पंखा, लाइट, पानी की मोटर सहित घरेलू विद्युत उपकरण सौर ऊर्जा से संचालित हो रहे हैं।
श्री राजकुमार बंजारे ने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद उनके परिवार को बिजली बिल में बड़ी राहत मिली है और अब बिजली बिल लगभग शून्य आ रहा है। इससे हर महीने करीब 1500 से 2000 रूपए की बचत हो रही है। बचत की इस राशि का उपयोग वे अब अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य आवश्यकताओं में कर पा रहे हैं। श्री राजकुमार बंजारे ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल बहुत आता था, जिससे बहुत परेशानी होती थी। अब घर में सोलर पैनल लगने से बिजली बिल शून्य आ रहा है। हर महीने पैसे की बचत हो रही है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से मिले लाभ से उत्साहित श्री राजकुमार बंजारे अब गांव के अन्य लोगों, युवाओं और परिवारों को भी सौर ऊर्जा अपनाने तथा योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके लिए सौर ऊर्जा अब केवल बिजली का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार के खर्च में कमी और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद बन गई है।
क्रमांक 96 -----------------
सेवा संकल्प अभियान
मां का अधूरा सपना, बेटे के पक्के घर से हुआ पूरा
- प्रधानमंत्री आवास योजना ने संतुराम के जीवन में लाई नई रोशनी
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। विकासखंड डोंगरगढ़ के ग्राम पंचायत पारागांवखुर्द निवासी श्री संतुराम की कहानी भी ऐसी ही एक प्रेरक कहानी है, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने एक गरीब परिवार के जीवन में पक्की छत एवं सुरक्षा का सहारा दिया और वर्षों से अधूरे सपने को नई दिशा मिली।
श्री संतुराम ने बताया कि वे अपनी मां के साथ एक कच्चे और जर्जर मकान में रहते थे। दोनों मां-बेटे मजदूरी कर किसी तरह परिवार का जीवन-यापन करते थे। आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि अपने लिए पक्का मकान बनाना उनके लिए केवल एक सपना था। बरसात के दिनों में कच्ची दीवारों वाले घर में पानी भर जाता था और हर बारिश उनके लिए चिंता और परेशानी लेकर आती थी। श्री संतुराम बताते हैं कि उनकी मां का सपना था कि एक दिन उनका अपना पक्का मकान होगा। लेकिन पहले ही उनकी मां का निधन हो गया। मां के जाने के साथ ही पक्के घर का उनका सपना भी अधूरा रह गया। मां के निधन के बाद संतुराम अकेले ही जीवन गुजार रहे थे और पक्का मकान बनाने की उन्होंने उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। इसी बीच ग्राम पंचायत के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि आवास प्लस सूची में उनकी मां के नाम के साथ वे नामिनी के रूप में दर्ज हैं। उन्होंने शीघ्र ही आवश्यक दस्तावेज, बैंक खाते एवं आधार कार्ड की जानकारी उपलब्ध कराने के बाद उनका पंजीयन कराया गया। कुछ समय बाद जब उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने की जानकारी मिली तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। बैंक जाकर खाते की जानकारी लेने पर उन्हें पता चला कि पहली किस्त के रूप में 40 हजार रूपए उनके खाते में जमा हो चुके हैं। इसके बाद संतुराम ने अपने पक्के घर का निर्माण शुरू किया। योजना के तहत तीन किस्तों में कुल 1 लाख 20 हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 95 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला। शासन से मिली सहायता ने श्री संतुराम के लिए पक्के घर का सपना साकार कर दिया।
आज संतुराम के सिर पर पक्की छत है। उन्होंने कहा कि उनकी मां का पक्के मकान में रहने का सपना उनके जीवनकाल में पूरा नहीं हो सका, लेकिन उनके निधन के बाद नामिनी के रूप में उन्हें आवास का लाभ मिला। मां की यादों से जुड़े इस घर को वे केवल एक मकान नहीं, बल्कि मां के अधूरे सपने की निशानी मानते हैं। श्री संतुराम कहते हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका भी अपना पक्का घर बन पाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने उनके जीवन में नई रोशनी लाई है। उन्होंने कहा कि उनकी मां का पक्के घर में रहने का सपना पूरा नहीं हो सका, लेकिन उनके बाद मुझे यह घर मिला। इसके लिए वे शासन और देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
क्रमांक 97 -----------------
सेवा संकल्प अभियान
- सेवा का भाव ही एक सशक्त, संवेदनशील एवं विकसित समाज की आधारशिला : सांसद श्री संतोष पाण्डेय
- सांसद ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार पोस्टरों एवं प्रस्तुत भाषणों की सराहना की
- सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत मेरे सपनों का भारत चित्रकला प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। सांसद श्री संतोष पाण्डेय सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत पीएमश्री सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजनांदगांव में आयोजित मेरे सपनों का भारत-चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल हुए। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की भावना के विकास के लिए प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने समाजसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता एवं राष्ट्रनिर्माण से संबंधित संदेश प्रस्तुत 100 से अधिक बैनर एवं पोस्टर तैयार किए। साथ ही 50 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से सेवा के महत्व, समाज के प्रति अपने दायित्वों तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं सेवा भावना विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही।
सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार पोस्टरों एवं प्रस्तुत भाषणों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही एक सशक्त, संवेदनशील एवं विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन निश्चित ही विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक चेतना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास सिंह बघेल, एसएमडीसी अध्यक्ष श्री कमलेश सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
क्रमांक 98 -----------------
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत 268 पदों की पदस्थापना हेतु कांउसिलिंग संपन्न
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत राजनांदगांव, मानपुर-मोहला-अम्बागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में 20 प्रकार के स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन के पूर्ति के लिए पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में 268 पदों की पदस्थापना  के लिए कांउसिलिंग की गई। विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन के पूर्ति होने से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों सहित जिले के नागरिकों को बेहतर सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियुक्ति में पारदर्शिता एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया गया है। नवनियुक्त कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने कहा गया है। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजनांदगांव डॉ. नेतराम नवरतन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरागढ़ -छुईखदान-गण्डई डॉ. आशीष शर्मा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सालय राजनांदगांव डॉ. महेन्द्र प्रसाद, डॉ. एसआर कोवाची, डॉ. बीएल तुलावी, डॉ. अल्पना लूनिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार, जिला एचआर मैनेजर श्री मनीष साहू, श्री हरीश वैष्णव, श्री प्रदीप कुमार पटौती, श्री अखिलेश नारायण सिंह, श्री कौशल किशोर शर्मा, डीपीएम डॉ. सोनल धु्रव सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।  
क्रमांक 99 -----------------
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत बाल हृदय रोग जांच शिविर का हुआ आयोजन
- 107 बच्चों का किया गया हृदय रोग जांच
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु के तहत श्री सत्य सांई संजीवनी हॉस्पिटल रायपुर द्वारा बाल हृदय रोग जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिरायु दलों द्वारा चिन्हांकित 107 बच्चों को पंजीयन किया गया। श्री सत्य सांई संजीवनी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सभी बच्चों का जांच किया गया। जिसमें से 39 बच्चें हृदय रोग से ग्रसित पाये गये एवं 11 बच्चों का फॉलो-अप किया गया।
ज्ञातव्य है कि विगत वर्ष बाल हृदय रोग जांच शिविर में 146 बच्चों का पंजीयन किया गया था। जिसमें से 48 बच्चे हदय रोग से ग्रसित पाये गये थे। इनमें से 34 बच्चों का ईलाज हो गया है। शेष 14 बच्चों का ईलाज जारी है। शिविर में सांसद श्री संतोष पाण्डेय, पूर्व सांसद श्री प्रदीप गांधी, श्री कमल सिंह राजपूत, श्री तरूण लहरमानी, श्री राजा मखीजा, श्री चिंटू सोनकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अधिष्ठाता डॉ. पंकज लुका, संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल देशकर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती लता उर्वशा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, डॉ. पवन जेठानी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार, जिला डाटा प्रबंधक श्री अखिलेश चोपड़ा, श्री सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल के टीम से मुख्य बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश साठे, ट्रस्ट अधिकारी श्री एसजगदीश राव, चिकित्सा सेवाओं के समन्वयक डॉ. निखिल शुक्ला, स्टॉफ नर्स डिंपल, किरण वर्मा, फरजाना, बॉयोमेंडिकल इंजीनियर श्री प्रदीप वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं मेंडिकल कॉलेज टीम, विकासखण्ड की चिरायु टीम, जिला स्तरीय सलाहकार, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे।
क्रमांक 100 -----------------
भगवान बलराम जयंती पर कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी में किसान दिवस का हुआ आयोजित
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। भगवान बलराम जयंती पर कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी में एक दिवसीय किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा भगवान बलराम, छत्तीसगढ़ महतारी, हल, मूसल एवं अन्य पारंपरिक कृषि यंत्रों की पूजा अर्चना कर कृषकों की अच्छी उपज की कामना की गई। कार्यक्रम में दलहन-तिलहन, पारंपरिक एवं प्राकृतिक खेती के लाभ के संबंध में जानकारी दी गई। प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों के उपयोग कर फसल सुरक्षा के बारे में बताया गया। किसानों को पारंपरिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधिओं के माध्यम से कृषकों एवं विद्यार्थियों को उन्नत एवं लाभप्रद खेती के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। इस अवसर पर श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री दादूराम सोनकर, श्री रोहित चंद्राकर, श्री रमेश सोनवानी, श्री ओपी सिंह, श्री एसके सिंह, केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा, केंद्र की वैज्ञानिक श्रीमती अंजली घृतलहरे, डॉ. अतुल डांगे, डॉ. नूतन रामटेके, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. योगेंद्र श्रीवास, प्रक्षेत्र प्रबंधक श्री आशीष गौरव शुक्ला, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती सुशीला रामटेके सहित उन्नतशील एवं जागरूक कृषक एवं कृषि महाविद्यालय सुरगी विद्यार्थी उपस्थित थे।
क्रमांक 101 -----------------
सेवा संकल्प अभियान
- 200 दीपों से जगमगाया कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी
- माह भर होगा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी परिसर में केन्द्र के कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय प्रगतिशील कृषकों ने 200 से अधिक मिट्टी के दीपक प्रज्वलित कर देश सेवा का संकल्प लिया। कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक किसानों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देने के लिए ग्रामों में जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए विशेष मृदा स्वास्थ्य कार्ड और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत प्रक्षेत्र परिसर एवं गोद लिए गांवों में बड़ी संख्या में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। किसानों को मौसम आधारित कृषि सलाह एवं उन्नत वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा।
क्रमांक 102 -----------------
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विभिन्न रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए 7 एवं 8 अक्टूबर को परीक्षा
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले में जिला एवं विकासखंड स्तर के स्वीकृत विभिन्न रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के संबंध में पदवार प्रावधिक मेरिट व वरीयता सूची सूची जारी की गई है। वरीयता क्रम के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों की दस्तावेज परीक्षण एवं साक्षात्कार, लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा हेतु 1 पद के विरूद्ध अधिकतम 10 अभ्यर्थियों की पदवार प्रवर्गवार सूची जारी की गई है। जारी सूची का अवलोकन राजनांदगांव जिले की वेबसाईट पर किया जा सकता है।
इसके अंतर्गत 7 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव में लेखापाल एवं लेखा सह एमआईएस सहायक के लिए लिखित व कौशल परीक्षा तथा कार्यालय सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए कौशल परीक्षा एवं क्षेत्रीय समन्वयक के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे कार्यालय जिला पंचायत राजनांदगांव में विकासखंड परियोजना प्रबंधक के लिए साक्षात्कार एवं भृत्य के लिए दस्तावेज परीक्षण का आयोजन किया जाएगा। संबंधित पात्र अभ्यर्थियों को आगामी चरण हेतु पदवार नियत तिथि, समय एवं स्थान पर अपने समस्त मूल दस्तावेजों एवं 1 पासपोर्ट साईज फोटो के साथ उपस्थित होने कहा गया है। इस संबंध में संबंध में पृथक से अथवा व्यक्तिगत रूप से कोई पत्राचार नहीं किया जाएगा। अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी स्वमेव निरस्त मानी जाएगी। लिखित व कौशल परीक्षा हेतु निर्धारित अधिकतम 10 अंकों में से अभ्यर्थी की न्यूनतम 3 अंक प्राप्त किया जाना अनिवार्य होगा।
क्रमांक 103 -----------------
सतत पुनर्वास शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन 29 सितम्बर को
राजनांदगांव 19 सितम्बर 2026। समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) राजनांदगांव में 29 सितम्बर 2026 को एक दिवसीय राज्य स्तरीय सतत पुनर्वास शिक्षा (ऑफलाईन सीआरई) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (निमहर) सीहोर द्वारा एवं समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) राजनांदगांव के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। सीआरई का विषय शीघ्र हस्तक्षेप हेतु बहुविषयक दृष्टिकोण : विशेष शिक्षकों, थेरेपिस्ट और स्वास्यि देखभाल पेशेवरों की भूमिका है। यह सीआरई 6 बिंदु का है। जिसमें विशेष शिक्षक, वाक एवं वाणी थेरेपिस्ट, नैदानिक मनोविज्ञानिक, समुदाय आधारित पुनर्वास प्रोफेशनल्स सहित अन्य प्रतिभाग कर सकते है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को ट्रेनिंग किट, रिफ्रेशमेंट सहित अन्य व्यवस्था निमहर द्वारा की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी सहायक प्राध्यापक राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान (निमहर) सीहोर श्री राम कुमार नागर के मोबाईल नंबर 9993020321 एवं समेकित क्षेत्रीय केन्द्र (सीआरसी) राजनांदगांव  से प्राप्त की जा सकती है।
क्रमांक 104 -----------------

Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने