PRORJN_26_SEPTEMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_

PRORJN_26_SEPTEMBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
 सेवा की कहानी
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना ने बदली जितेश हेडाऊ की आर्थिक तस्वीर
- मत्स्य उत्पादन से 5.50 लाख रूपए का हुआ शुद्ध लाभ
- योजना के तहत मत्स्य पालन के लिए 2 लाख 80 हजार रूपए का मिला अनुदान  
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को व्यवस्थित एवं लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिले के विकासखंड छुरिया के ग्राम चांदो निवासी श्री जितेश कुमार हेडाऊ ने योजना का लाभ लेकर मत्स्य पालन को विस्तार दिया है। संवर्धन पोखर निर्माण से उन्हें मत्स्य पालन के लिए बेहतर सुविधा मिली और उनकी आय में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ। श्री हेडाऊ ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत संवर्धन पोखर निर्माण का लाभ लिया है। योजना के तहत 1 हेक्टेयर जलक्षेत्र विकसित किया गया। जिसमें शासन की ओर से उन्हें 2 लाख 80 हजार रूपए का अनुदान प्राप्त हुआ। योजना के सहयोग से मत्स्य पालन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिली।
श्री हेडाऊ ने बताया कि उनके द्वारा मछली पालन एवं विक्रय का कार्य किया जाता है। मत्स्य विक्रय से उन्हें 5 लाख 50 हजार रूपए का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त आय का उपयोग परिवार की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा तथा कृषि एवं मत्स्य पालन गतिविधियों में पुनर्निवेश के लिए किया जा रहा है।
योजना से मिला आत्मविश्वास, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार -
श्री जितेश कुमार हेडाऊ ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में मिल रहे शासकीय सहयोग से उन्हें मत्स्य पालन को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि शासन की योजनाएं ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।
क्रमांक 181 -----------------
सेवा की कहानी
सौर ऊर्जा से बिजली बिल से मिली राहत
- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सेवक राम साहू का घर बना ऊर्जा आत्मनिर्भर
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। श्री सेवकराम साहू ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घर की बिजली जरूरतों को सौर ऊर्जा से पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के डोंगरगांव विकासखंड ग्राम अर्जुनी निवासी श्री सेवक राम साहू ने बताया कि वे लगभग एक वर्ष पहले उन्होंने अपने घर में सोलर पैनल स्थापित कराया। इसके बाद उनके बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है और अब उन्हें लगभग बिजली बिल नहीं देना पड़ रहा है। श्री सेवक राम साहू ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल लगभग 690 से 750 रूपए प्रतिमाह आता था। सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने के बाद अब बिजली बिल की राशि शून्य हो गई है।
श्री सेवक राम ने बताया कि लगभग 2 लाख रूपए की लागत से सोलर पैनल स्थापित हुआ। इसमें उन्होंने 20 हजार रूपए स्वयं जमा किए, जबकि शेष राशि के लिए बैंक से वित्तीय सुविधा प्राप्त हुई। योजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रूपए तथा राज्य सरकार से 30 हजार रूपए की सहायता मिली। इस प्रकार उन्हें कुल लगभग 1 लाख 8 हजार रूपए की सहायता प्राप्त हुई। श्री साहू ने बताया कि शेष राशि की किस्त वे अपनी सुविधा के अनुसार चुका रहे हैं। इस तरह सौर ऊर्जा संयंत्र उनके परिवार के लिए बिजली खर्च कम करने के साथ-साथ भविष्य में आर्थिक बचत का माध्यम भी बन रहा है।
श्री सेवक राम साहू ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शासन की बहुत अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर परिवार बिजली के खर्च को कम कर सकते हैं और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में योगदान दे सकते हैं। श्री साहू ने  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की सेवा भावना के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अपने घर में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित कर सेवा, ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।
क्रमांक 182 -----------------
 सेवा संकल्प अभियान
- आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों से योजनाओं की जानकारी के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता
- परियोजना, क्लस्टर एवं आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर हो रहे विविध आयोजन
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में परियोजना, क्लस्टर एवं आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रमों में विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में खेलकूद, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई तथा नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन कराया जा रहा है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हितग्राहियों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनसहयोग से न्योता भोज का आयोजन कर सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों का सम्मान कर उनके महत्वपूर्ण योगदान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही पोषण जागरूकता के अंतर्गत संतुलित एवं आदर्श पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के संबंध में जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना, बाल संदर्भ योजना, सक्षम स्वावलंबन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र श्रमिकों एवं उनके परिवारों को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद परिवार शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
क्रमांक 183 -----------------
 सेवा की कहानी
मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण लेकर दुर्गेश्वरी साहू ने हासिल किया रोजगार
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत युवाओं को रोजगार के अवसर हासिल करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। योजना के माध्यम से युवाओं को उनकी रूचि एवं आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत छुरिया विकासखंड के ग्राम सीताकसा की सुश्री दुर्गेश्वरी साहू ने जीडीए नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया और प्रशिक्षण उपरांत रोजगार मिल गया।
सुश्री दुर्गेश्वरी साहू ने बताया कि कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार के अवसर की तालाश शुरू की। इस दौरान मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत लाइवलीहुड कॉलेज राजनांदगांव में जीडीए नर्सिंग प्रशिक्षण की जानकारी मिली। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रोजगार के अवसर मिलने की जानकारी से प्रेरित होकर प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया। प्रशिक्षण के लिए चयनित होने के बाद नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लिया। जीडीए नर्सिंग का 618 घंटे का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया और परीक्षा भी उत्तीर्ण की। उन्हें प्रशिक्षण के बाद रायपुर के मित्तल हॉस्पिटल में रोजगार का अवसर मिला। आज दुर्गेश्वरी प्रतिमाह 6 हजार रूपए की आय अर्जित कर अपने सपनों को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से रोजगार के अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
क्रमांक 184 -----------------
शासकीय प्राथमिक शाला तोतलभर्री के नवीन भवन निर्माण के लिए 11.48 लाख रूपए स्वीकृत
राजनांदगांव 25 सितम्बर 2026। जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट में डोंगरगढ़ विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला तोतलभर्री के नवीन भवन निर्माण के लिए 11 लाख 48 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। नवीन भवन का निर्माण कार्य वर्षा ऋतु के बाद प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला तोतलभर्री में वर्तमान में 70 बच्चों पर एक नियमित शिक्षक पदस्थ है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डीएमएफ मद से एक प्राईवेट ट्यूटर की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती होने पर विद्यालय में रिक्त पदों की पूर्ति की जाएगी।
क्रमांक 185 -----------------
 सेवा संकल्प अभियान
डोंगरगांव में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने मूल्यांकन शिविर का हुआ आयोजन
- शिविर में 125 वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों ने सहायक उपकरण के लिए कराया पंजीयन
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान अंतर्गत समाज कल्याण विभाग तथा भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना और एडिप योजना के तहत बहुउद्देशीय भवन मोहड़ में डोंगरगांव नगर पालिका परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को जीवन सहायक उपकरण उपलब्ध करने हेतु मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 125 से अधिक वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों ने सहायक उपकरण के लिए पंजीयन कराया।
पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत श्री दिनेश गांधी ने सभी पात्र दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को द्वारा आयोजित मूल्यांकन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग एवं श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति द्वारा 29 सितम्बर 2026 को लगभग 500 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों से लाभान्वित करने शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जरूरतमंद दिव्यांगजनों से शिविर में उपस्थित होने का आग्रह किया। कार्यक्रम को उपाध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित श्री भरत वर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्रीमती रंजीता परौठी, सभापति जिला पंचायत श्री जागृती चुन्नी यदु, उप सरपंच मोहड़ श्री अंकुश देवांगन ने भी संबोधित किया।
उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने बताया कि शिविर में पंजीकृत पात्र हितग्राहियों को पंजीकृत मोबाईल नंबर के माध्यम से सहायक उपकरण प्राप्त होने की तिथि की सूचना दी जाएगी। निर्धारित तिथि आयोजित सहायक उपकरण वितरण शिविर में हितग्राही को सहयोगी के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि एलिम्को के तकनीकी टीम द्वारा चिन्हांकित वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किया जाएगा। शिविर के माध्यम से व्हील चेयर, व्हील चेयर कमोड, स्टूल विथ कमोड, वाकिंग स्टीक एडजेस्टेबल, बैसाखी तीन साईज, टेट्रापेड, फोल्डिंग वाकर, सरवाईकल कालर, श्रवण यंत्र, स्पाईनल सपोर्ट, फुट केयर कीट, वनी ब्रेस, पोलीमर जेल, एल एस बेल्ट वाकर फोल्डिंग, चश्मा सहित अन्य सहायक उपकरण तथा दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल, फोल्डिंग व्हील चेयर, मोटराईज ट्रायसायकल, बैसाखी, कोहनी साईज 1 एवं 2 बैसाखी छोटा, मिडियम व बड़ा साईज, वाकिंग स्टीक, ब्रेल केल फोल्डिंग, ब्रेल किट, रोलेटर, श्रवण यंत्र, सीपी चेयर, लेप्रोसी सू, मोबाईल फोन, सुगम्य केन टीएलएम किट, कैलिपर्स जॉय स्टिक व्हील चेयर सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सहायक ग्राम पंचायत अधिकारी श्री विरेन्द्र तिवारी एवं अभार प्रदर्शन श्री बाल कृष्ण बघेल द्वारा किया गया। शिविर में अन्य जनप्रतिनिधि जनपद पंचायत डोंगरगांव, नगर पंचायत डोंगरगांव, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन, नागरिक उपस्थित थे।
क्रमांक 186 -----------------


Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने