PRO Durg news & succes stroy & photo_ 26 October 2026 _ File 01

PRO Durg news & succes stroy & photo_ 26 October 2026 _ File 01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ.ग.)
समाचार

साईंस कॉलेज में युवा संवाद का आयोजन, 300 युवाओं ने ली लोकतांत्रिक कर्त्‍तव्‍यों पालन की शपथ

- महापौर श्रीमती अलका बाघमार राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद पहल में हुई शामिल


दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026/ ’मेरा युवा भारत’ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आज साइंस कॉलेज, दुर्ग में युवा संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम ने युवा नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देने, सूचित भागीदारी को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र-निर्माण में युवाओं की भूमिका को उजागर करने के लिए एक साझा मंच पर एक साथ लाया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्रों और युवा नागरिकों ने भाग लिया।

राष्ट्रव्यापी विकसित भारत युवा संवाद पहल के तहत 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में दुर्ग नगर निगम महापौर श्रीमती अल्का बाघमार शामिल हुई। कार्यक्रम में नेटबॉल मीशा कुमारी, खो-खो के अंकुश सिंह, दीपांशु नेताम सहित खेल आइकन व युवा आइकन उपस्थित रहे। इनकी सहभागिता से कार्यक्रम में सार्वजनिक नेतृत्व, खेलों में उत्कृष्टता और युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार करने का अवसर मिला।

युवाओं को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती बाघमार ने युवाओं की सक्रिय सहभागीता का आव्हान किया और विस्तारपूर्वक एसआईआर के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में महापौर द्वारा एसआईआर एवं मतदान से संबंधित युवाओं के प्रश्नों का जवाब दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों और महापौर के बीच एक संवादात्मक बातचीत थी। प्रतिभागियों ने शासन में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारी और पहली बार मतदाताओं की भूमिका जैसे अनेक प्रश्न पूछे गए। महापौर ने युवाओं के प्रश्नों का जवाब देते हुए युवाओं को भ्रांतियों से दूर रह कर, तर्क पर बात करने और तथ्यों को जाँच कर ही उस पर बात करने की बात कही। युवा संवाद पहल युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के करीब लाकर, युवा संवाद एक ऐसी पीढ़ी बनाने का प्रयास करता है जो न केवल देश की प्रगति के बारे में जागरूक है बल्कि इसमें सक्रिय रूप से योगदान भी देती है। यह पहल युवा शक्ति को राष्ट्र-निर्माण के केंद्र में रखती है, जो युवा नागरिकों को अपने विचारों, आकांक्षाओं और जिम्मेदारी की भावना को विकसित भारत-2047 की दिशा में सार्थक योगदान में बदलने के लिए प्रोत्साहित करती है।
 
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सूचित भागीदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में साइंस कॉलेज के प्राचार्य श्री अजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम मे माय भारत से उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा, दुर्ग के युवा अधिकारी श्री क्षितिज, श्री ढाल सिंह साहू एवं माय भारत स्वयंसेवक श्री योगेश साहू, मृदुल निर्मल, निखिल कुमार, चंदन कुमार, उमेंद्र कुमार, रोशन साहू एवं कॉलेज के कार्यक्रम अधिकारी श्री तरुण कुमार साहू की सक्रिय सहभागीता रही।

ःः000ःः

समाचार

राज्योत्सव के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपा दायित्व


दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन में जिला मुख्यालय दुर्ग में 02 नवंबर 2026 तक एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन पुराना गंजमंडी गंजपारा परिसर दुर्ग में किया जा रहा है। राज्योत्सव के सुचारू संचालन हेतु कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कार्यक्रम संचालन समिति का गठन किया गया है। उपयुक्त समिति में जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग कुमार दुबे, अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह एवं अपर कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा शामिल है। अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र सिंह को संपूर्ण कार्यक्रम हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा अपर कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रफुल्ल कुमार गुप्ता को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। जिसके अंतर्गत कलेक्टर से अनुमोदन प्राप्त कर आमंत्रण पत्र की छपाई एवं वितरण हेतु जिला पंचायत सीईओ श्री बी.के. दुबे, मंत्रीगण/सदस्यीय सचिव एवं गणमान्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र वितरण हेतु अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रफुल्ल कुमार गुप्ता, तहसीलदार श्री पवन ठाकुर और अतिरिक्त तहसीलदार श्री डिकेश्वर साहू एव नायब तहसीलदार श्री ढालसिंह बिसेन को दायित्व दिया गया है। इसी क्रम में प्रतिदिन कार्य स्थल की साफ सफाई, मोबाइल टायलेट की व्यवस्था, डस्टबिन व्यवस्था तथा फूड स्टॉल आबंटन का दायित्व नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुश्री लीना कोसम को, मंच, स्टॉल, बैरिकेटिंग, सोफा, कुर्सी, माइक लाइटिंग, सत्कार आदि की संपूर्ण व्यवस्था का दायित्व लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष भट्टाचार्य, तांदुला जल संसाधन के कार्यपालिका अभियंता श्री आशुतोष सारस्वत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री घनश्याम मारकण्डेय और लोक निर्माण विभाग (वि/यां) के कार्यपालन अभियंता श्री अब्दुल वारिस को दिया गया है। बांस बल्ली की व्यवस्था वनमंडलाधिकारी श्री चंद्र कुमार अग्रवाल, सांस्कृतिक दलों कलाकारों का चयन, सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं मंच की समस्त व्यवस्था का दायित्व नगर निगम रिसाली आयुक्त सुश्री मोनिका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर दुर्ग अनन्या अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर और आदिवासी विकास विभाग दुर्ग के सहायक आयुक्त श्री अविनाश श्रीवास को, कार्यस्थल पर वाहन पार्किंग पहुंच एवं निगम स्थल पर यातायात व्यवस्था का दायित्व यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल को, अतिथियों हेतु शॉल, श्रीफल एवं मोमेंटो की व्यवस्था का दायित्व क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री मृत्युंजय पटेल को, स्थानीय कलाकार को रुकवाने एवं ठहरने की व्यवस्था एवं मीडिया सेंटर के स्वल्पाहार पानी की व्यवस्था का दायित्व खाद्य नियंत्रक श्री अनुराग भदौरिया, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री अविनाश श्रीवास, सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टाफर खल्खो को दिया गया है।

कार्यस्थल पर फर्स्ट एड किट एवं एंबुलेंस व्यवस्था का कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी और सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशीषन मिंज करेंगे। आवश्यकतानुसार फूल माला, गुलदस्ता इत्यादि की व्यवस्था, मंच पर कलाकारों के सम्मान हेतु शॉल, श्रीफल, मोमेंटो इत्यादि की व्यवस्था एवं महत्वपूर्ण अतिथियों तथा कलाकारों के सत्कार की व्यवस्था का दायित्व उपसंचालक कृषि श्री संदीप कुमार भोई, खनिज अधिकारी श्री दीपक मिश्रा, उप संचालक उद्यानिकी श्री नारायण सिंह लाउत्रे और तहसीलदार श्री पवन ठाकुर का होगा। मंच संचालन हेतु उद्घोषकों की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर, पानी टैंकर एवं पेयजल की व्यवस्था, मंच/कलाकारों/वीआईपी सेक्टर की सम्पूर्ण व्यवस्था नगर निगम आयुक्त सुश्री लीना कोसम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री उत्कर्ष पांडेय करेंगे।
 
राज्योत्सव के संबंध में प्रेस एवं मीडिया से समन्वय कर  प्रचार प्रसार की व्यवस्था का दायित्व जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक श्री एम.एस. सोरी का होगा। जिला व्यापार एवं उद्योग के मुख्य महाप्रबंधक श्री बी.आर. निकुंज और श्रम पदाधिकारी श्रीमती पायल शर्मा, अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार स्टॉल आवंटन का दायित्व संभालेंगे। अग्निशमन यंत्र एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था जिला सेनानी नगर सेनानी श्री दिनेश रावटे, कार्यक्रम स्थल पर निर्वाध विद्युत व्यवस्था एवं जनरेटर की व्यवस्था विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता श्री आर.के. दानी करेंगे।

राज्योत्सव में विभिन्न विकास विभागों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभागीय उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा तथा इसका थीम ’सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रहेगा। विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन का दायित्व सर्व विभाग प्रमुखों को दिया गया है। संबंधित सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की गंभीरता एवं तत्परतापूर्वक संपादन सुनिश्चित करने कहा गया है।

ःः000ःः

समाचार

राज्योत्सव में उत्कृष्ट विभागीय स्टॉल चयन के लिए समिति गठित

 
दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026/ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम 02 नवम्बर के अवसर पर विभागों द्वारा स्टॉलों एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें से उत्कृष्ट विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी का चयन करने के लिए समिति का गठन किया गया है। गठित समिति में नगर पालिक निगम सुश्री लीना कोसम को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं नगर पालिक निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा एवं अपर कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थॉमस को सदस्य नियुक्त किया गया है।
 
ःः000ःः

समाचार

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा कार्यवाही


दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026/ खाद्य एवं औषधि प्रशासन दुर्ग की औषधि शाखा एवं नार्कोटिक नियंत्रण विभाग रायपुर द्वारा औषधि निरीक्षकों दुर्ग एवं नार्कोटिक नियंत्रण विभाग रायपुर की संयुक्त जांच दल ने दुर्ग एवं भिलाई शहर के विभिन्न 05 मेडिकल स्टोर्स पर नार्कोटिक एवं साईकोट्रॉपिक औषधियों के क्रय-विक्रय की विस्तृत जांच की गई। जांच किये गए मेडिकल स्टोर्स में मेसर्स जनता मेडिकल स्टोर्स, सडक-18, कैम्प-01, भिलाई एवं मेसर्स देवांगन मेडिकल स्टोर्स, शास्त्री मार्केट, पावर हाउस, भिलाई में औषधियों के क्रय-विक्रय रिकार्ड नियमानुसार नहीं पाए जाने एवं रजि. फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए जाने के कारण नियमानुसार औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली 1945 के तहत् कार्यवाही की जाएगी। सहायक औषधि नियंत्रक श्री संजय सिंह के अनुसार अन्य मेडिकल स्टोर्स मेसर्स स्पर्श हास्पिटल फार्मेसी, रामनगर, भिलाई, मेसर्स श्याम मेडिकल्स, नंदिनी रोड, पावर हाउस, भिलाई एवं साईं कामना एजेंसी दुर्ग में संचालन नियमानुसार पाया गया। कार्यवाही में औषधि निरीक्षक श्री विशनु प्रसाद साहू, श्रीमती चंद्रकला ठाकुर, श्रीमती जगेश्वरी साहू एवं नार्कोटिक नियंत्रण विभाग रायपुर से निरीक्षक श्री त्रिलोक कुमार एवं उपनिरीक्षक अंकित मीणा शामिल थे।

ःः000ःः

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ.ग.)
सफलता की कहानी

हेल्पलाइन में शिकायत की, जन्म प्रमाण पत्र में सुधर गया नाम
 
- सीएम हेल्पलाइन 1076 पर पहुंची फरियाद, धमधा की ग्राम पंचायत ने दस्तावेजों के आधार पर जारी किया संशोधित प्रमाण पत्र

 
दुर्ग, 26 अक्टूबर 2026/ जन्म प्रमाण पत्र में नाम की गलती से परेशान आवेदक को सीएम हेल्पलाइन 1076 के जरिए राहत मिली। दुर्ग जिले के जनपद पंचायत धमधा अंतर्गत ग्राम पंचायत ओटेबंद में शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदक को संशोधित जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया। इससे आवेदक की नाम सुधार संबंधी समस्या का समाधान हुआ।
ग्राम आटेबंद, तहसील अहिवारा निवासी श्री जय कुमार गायकवाड़ ने जन्म प्रमाण पत्र में नाम सुधार के लिए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के माध्यम से उन्होंने अपनी समस्या प्रशासन तक पहुंचाई। इसके बाद आवश्यक आवेदन और शपथ पत्र सहित संबंधित दस्तावेजों के आधार पर ग्राम पंचायत ने नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की।
कार्यवाही के बाद 19 अगस्त 2025 को ऑनलाइन संशोधित जन्म प्रमाण पत्र जारी कर आवेदक को उपलब्ध कराया गया। इससे उन्हें प्रमाण पत्र में नाम की त्रुटि सुधरवाने के लिए राहत मिली और शासकीय सेवा का लाभ प्राप्त हुआ है।

उल्लेखनीय है कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण और शासकीय सेवाओं को सरल एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके। सीएम हेल्पलाइन 1076 नागरिकों को अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम उपलब्ध करा रही है। शिकायतों पर कार्रवाई से लोगों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।

ःः000ःः
Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने