PRO Durg news_ 21 October 2026_ File 02

PRO Durg news_ 21 October 2026_ File 02

जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुर्ग (छ.ग.)
समाचार
 
जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में हादसा, श्रमिक की मौत के बाद फर्नेस और सीसीएम संचालन पर रोक

- सुरक्षा ऑडिट कराकर 7 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश


दुर्ग, 21 अक्टूबर 2026/ जिले के रसमड़ा स्थित जेडी स्टील इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में 17 अक्टूबर 2026 को हुए औद्योगिक हादसे में श्रमिक संतोष श्रीवास्तव की मौत हो गई। घटना के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने संबंधित फर्नेस, लैडल, टंडिश कार, नोजल और कंटीन्यूअस कास्टिंग मशीन (सीसीएम) से जुड़े परीक्षण एवं संचालन कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया है।
उप संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर को तड़के करीब 1.30 बजे संयंत्र में परीक्षण कार्य के दौरान 15 टन क्षमता वाली फर्नेस से लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान की पिघली हुई धातु टंडिश कार में स्थानांतरित की जा रही थी। इसी दौरान पर्जिंग प्रक्रिया में अत्यधिक लांसिंग और नोजल में अवरोध के कारण टंडिश की बॉटम प्लेट फट गई। इससे गर्म पिघली हुई धातु श्रमिक संतोष श्रीवास्तव के ऊपर गिर गई, जिससे गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद कार्यालय उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, दुर्ग संभाग ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। संयंत्र प्रबंधन को सक्षम तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से सुरक्षा ऑडिट कराने और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संचालन पर रोक से प्रभावित श्रमिकों को वेतन एवं अन्य लाभ दिए जाएंगे। साथ ही जहां संभव हो अधिभोगी द्वारा उन्हें वैकल्पिक रोजगार दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

ःः000ःः

समाचार

दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित


दुर्ग, 21 अक्टूबर 2026/ अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस (3 दिसंबर) के अवसर पर दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए सर्वाेत्तम दिव्यांग कर्मचारी, दिव्यांगजनों के सर्वाेत्तम नियोक्ता और सर्वाेत्तम स्वैच्छिक संस्था सहित विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
दृष्टिहीन, श्रवण बाधित, अस्थि बाधित तथा प्रमस्तिष्क अंगाघात/बहुविकलांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पात्र व्यक्ति, स्वैच्छिक संस्थाएं एवं नियोक्ता निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी नियम एवं शर्तें उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग से प्राप्त की जा सकती हैं। इच्छुक आवेदक अपने आवेदन 25 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय समाज कल्याण विभाग, जिला दुर्ग में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

ःः000ःः

समाचार

युवा रत्न सम्मान योजना हेतु 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित

 
दुर्ग, 21 अक्टूबर 2026/ राज्य सरकार द्वारा युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल एवं अन्य विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा रत्न सम्मान योजना वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार योजना के तहत 15 से 29 वर्ष की आयु के ऐसे युवाओं के व्यक्तिगत क्षमता विकास तथा समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता प्रदान की जाएगी। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक पात्र युवा निर्धारित अवधि में कार्यालयीन दिवस एवं समय पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग कार्यालय, रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

ःः000ःः

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने