PRORJN_21_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_01

PRORJN_21_OCTOBER_2026_NEWS_&_PHOTOS_FILE_01

जिला जनसंपर्क कार्यालय, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
समाचार
कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में विभिन्न विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं का किया निरीक्षण
- खसरों के भौतिक सत्यापन एवं पॉलिगन निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
- श्रमिकों से मजदूरी भुगतान एवं महतारी वंदन योजना के लाभ के संबंध में की चर्चा
- सिंथेटिक ट्रैक निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 21 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज सुबह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम में खसरों के भौतिक सत्यापन एवं पॉलिगन निर्माण के लिए किए जा रहे सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर सर्वे कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों को सर्वे कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में वीबी-जी राम जी योजना अंतर्गत संचालित कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यस्थल पर उपस्थित श्रमिक श्रीमती चंद्रकला एवं श्रीमती मनीषा से चर्चा कर मजदूरी भुगतान एवं महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि के उपयोग के संबंध में जानकारी ली। श्रमिकों ने बताया कि उन्हें कार्य के लिए प्रतिदिन 300 रूपए मजदूरी प्राप्त होती है। कलेक्टर ने श्रमिकों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में भी चर्चा की।
कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्य की निगरानी में सहयोग करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सजग रहने की अपील की। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 200 -----------------
कलेक्टर ने ग्राम सुंदरा में हितग्राही के घर स्थापित सोलर पैनल का किया अवलोकन
राजनांदगांव 21 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुंदरा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत हितग्राही श्रीमती पूर्णिमा निषाद के घर में स्थापित सोलर पैनल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही से चर्चा कर योजना से मिल रहे लाभ एवं बिजली बिल में हो रही बचत की जानकारी ली। श्रीमती पूर्णिमा निषाद ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन होने के कारण उन्हें बिजली बिल में राहत मिल रही है। उन्होंने योजना को परिवार के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने से न केवल बिजली बिल में बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को इस जनहितकारी योजना से जोडऩे के लिए व्यापक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र एवं इच्छुक नागरिकों को आवेदन एवं सोलर पैनल स्थापना की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत नागरिकों को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने के लिए शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल के खर्च में कमी लाने का अवसर मिल रहा है।  इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 201 -----------------

Contact- 
District Public Relation Office, Rajnandgaon 
E-MAIL ID- prorjn@gmail.com


Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने